मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रंग भरी एकादशी के दिन बटुक और महिला पत्रकार संग हुए दुर्व्यवहार का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में ना हो...
वाराणसी: रंगभरी एकादशी के दिन बटुक और महिला पत्रकार संग हुए दुर्व्यवहार का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को सख्त हिदायत दी है कि इस तरह की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए, अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार को वाराणसी पहुंचे हैं। यहां उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने रंगभरी एकादशी के दिन बटुक संग और महिला पत्रकार संग हुए दुर्व्यवहार को लेकर अधिकारियों को चेतावनी दी है। सीएम ने कहा है कि इस तरह की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दर्शनार्थियों के साथ पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी लोग अदब से पेश आएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मंदिर प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था में उचित सुधार लाएं। इसके साथ ही उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही विक्रय की जाने वाली सामग्रियों के रेट को भी नियंत्रित करने को कहा है। सीएम योगी ने कहा कि धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं हैं, बल्कि एक श्रद्धा का केंद्र हैं। ऐसे स्थान पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।
दरअसल, रंगभरी एकादशी के दिन कुछ पुलिस कर्मियों पर बटुक और महिला पत्रकार संघ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा था। मामले में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने संज्ञान लिया और आरोपी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटाते हुए उनके ऊपर विभागीय जांच बैठाई है। पुलिस कमिश्नर ने मामले में संज्ञान लेकर एसीपी सुरक्षा अंजनी कुमार राय को मुख्यालय से संबद्ध किया है, इसके साथ ही बटुक को पीटने के मामले में हेड कांस्टेबल संजय यादव को सुरक्षा पॉइंट से हटा दिया गया है।