
लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Phot- Patrika)
Varanasi Airport News:वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के अभ्यास के कारण लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। अभ्यास किए जाने के दौरान एटीसी ने इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि विमान की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और यात्री अपनी सीट पर बैठ चुके थे, लेकिन एटीसी द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण वापस यात्रियों को विमान से उतर कर टर्मिनल पर लौटना पड़ा। इन विमानों में करीब 350 यात्री क्रू मेंबर्स के साथ सवार थे। बताया जा रहा है कि विमान की बोर्डिंग भी पूरी हो चुकी थी और यात्री अपनी सीट पर बैठकर उड़ान का इंतजार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6044 वाराणसी से चेन्नई जानी थी। फ्लाइट में यात्रियों के साथ क्रू मेंबर भी सवार थे। बताया जा रहा है कि इसमें 183 यात्रियों की बोर्डिंग हो चुकी थी और यात्री उड़ान का इंतजार कर रहे थे। इसी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-1810 को मुंबई के लिए जाना था और इस विमान में भी यात्री बैठ चुके थे। दोनों विमानों को मिलाकर करीब 350 से अधिक यात्री उड़ान भरने वाले थे, लेकिन एटीसी ने ऐसा करने की इजाजत नहीं दी।
दरअसल, उड़ान के समय पर वाराणसी में वायुसेना द्वारा प्रस्तावित एयर शो का रिहर्सल किया जा रहा था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को उड़ाने की अनुमति एटीसी द्वारा नहीं दी गई। उड़ान में देरी होने के बाद सभी यात्रियों को विमान से नीचे उतार लिया गया और एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में उन्हें इंतजार करने को कहा गया। हालांकि, इस दौरान दोनों एयरलाइन की तरफ से यात्रियों को नाश्ता व जलपान की व्यवस्था की गई। गौरतलब है कि यह एयर शो सुबह 11:40 से 2 बजे दोपहर तक प्रस्तावित है। उसी का अभ्यास बुधवार को किया जा रहा था।
वहीं, एयर शो के अभ्यास की समाप्ति के बाद इंडिगो की फ्लाइट को अनुमति दे गई दे दी गई और यह फ्लाइट दोपहर के 2:40 पर रवाना हुई, जिसे सुबह 10:55 पर उड़ान भरना था। वहीं, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को सुबह 10:25 पर उड़ान भरना था, लेकिन इस फ्लाइट को उड़ान की अनुमति दोपहर 2:31 पर मिली। गौरतलब है कि एयरफोर्स द्वारा वाराणसी में एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जा रहा है।
Updated on:
21 Oct 2026 03:52 pm
Published on:
21 Oct 2026 03:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
