वाराणसी

अब कांग्रेस कार्यकर्ता बताएंगे BJP सरकार की नाकामियां, गांव, मोहल्लों में होंगे सम्मेलन

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मजबूत होगी बूथ स्तर तक की कमेटियां, शुरू होगा ये अभियान, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने जारी किया फरमान।

2 min read
Jun 11, 2018
congress
congress

वाराणसी. लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में सबसे पिछड़ती नजर आ रही कांग्रेस ने भी अब जोर लगाना शुरू कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने सूबे की सभी जिला व महानगर कमेटियों को फरमान जारी किया है। कहा है कि हर हाल में चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत हो जाए। कार्यकर्ताओं को इस कदर ट्रेंड किया जाए कि वो अपने-अपने इलाके में जा कर लोगों को सत्तारूढ़ भाजपा की खामियों को उजागर करें, साथ ही कांग्रेस की रीति-नीति को समझाएं। लोगो में विश्वास जगाएं।

इस संबंध में जिला अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के निर्देश के तहत जून के प्रथम सप्ताह से लेकर 25 जून तक ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रत्येक ब्लाक की ब्लाक कमेटी के अलावा न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता भाग लेंगे। बताया कि इन सम्मेलनों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई अति विशिष्ट नेतागण प्रमुखता से शिरकत कर आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्तागणो को आवश्यक दिशा निर्देश देगें। इस सम्मेलन में जिला कांग्रेस कमेटी के साथ साथ शहर कांग्रेस कमेटी से लगायत समस्त कांग्रेस फ्रंटल संगठनो के कार्यकर्ताओ की भागीदारी की अनिवार्य की गई है।

इस अति विशिष्ट ब्लाक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय इतिहास की विफलतम वर्तमान मोदी सरकार का एक एक काला चिठ्ठा प्रामाणिकता से उजागर करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर जन जन तक नाकारी मोदी सरकार के चार साल के कार्यकाल का पूरा लेखाजोखा पंहुचाना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही जनता से किये चांद सितारे तोड लाने वाले असंख्य वादे व उसके क्रियान्वयन पर छायी खामोशी, हाड तोड़ मंहगाई, रसोई गैस सहित पेट्रोल डीजल की कीमतों मे बेतहाशा वृद्धि, गरीबों मजलूमों दलितों पर हो रहे निरंतर अत्याचार, महिलाओं बच्चियों पर बढते अनाचार, कानून व्यवस्था की उड़ती धज्जियां, किसानों का शोषण व बढती आत्महत्याएं, फसलों के उचित मूल्य दिए जाने के वादे से मुकरना, बढती बेरोजगारी, व्यापारी उत्पीड़न, स्मार्ट सिटी के नाम पर शहरों का गैरजिम्मेदाराना व बेतरतीब विकास के नकाब मे भयंकर लूट, हिंदुत्व की आड मे सनातन मंदिरों को नेस्तानाबूद करना आदि पर विशेष चर्चा होगी। सम्मेलन में आर्थिक, सामाजिक व राजनैतिक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन की पूरी रूपरेखा

-चिरई गांव ब्लाक- 14 जून, प्रातः 10 बजे
-काशी विद्यापीठ ब्लाक- 17 जून, प्रातः 10 बजे से
- चोलापुर ब्लाक- 21 जून, प्रातः 10 बजे से
- हरहुआ ब्लाक- 23 जून, प्रातः 10 बजे से
- बडागांव ब्लाक- 24 जून, प्रातः 10 बजे से
- सेवापुरी व आराजीलाइन ब्लाक- 25 जून, प्रातः 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक।

Published on:
11 Jun 2018 04:58 pm