Rinku Singh KKR : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। मंदिर में दर्शन के बाद दोनों ने गंगा आरती की।
वाराणसी : भारतीय क्रिकेट टीम के फिनिशर रिंकू सिंह ने मंगलवार को अपनी मंगेतर और सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ बाबा काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किए। दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह गेट नंबर-4 से प्रवेश किया और करीब 30 मिनट तक पूजा-पाठ किया। पूजन के बाद दोनों गंगा द्वार से बाहर निकले और नाव पर सवार होकर मां गंगा के दर्शन किए।
रिंकू और प्रिया को देखते ही फैंस की भीड़ जुट गई। सेल्फी लेने के लिए लोग आगे बढ़े, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित तरीके से नाव पर बैठाया।
दर्शन से पहले और बाद में दोनों ताज होटल में रुके। रिंकू ने होटल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों की शादी जून 2026 के पहले सप्ताह में वाराणसी के ताज होटल में होनी है। दोनों परिवार इसकी तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं।
रिंकू सिंह सोमवार को इंडिगो विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें रिसीव करने खुद प्रिया सरोज एयरपोर्ट पहुंची थीं। एयरपोर्ट से दोनों सीधे ताज होटल गए और फिर प्रिया के गांव करखियाव (कठेरवा) स्थित ससुराल पहुंचे। ससुराल वालों ने रिंकू को गले लगाकर स्वागत किया। यहां रिंकू ने परिवार के साथ खाना भी खाया।
केराकत विधायक और प्रिया के पिता तूफानी सरोज ने बुके देकर रिंकू का स्वागत किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के साथी खिलाड़ी अनुकूल राय भी रिंकू के साथ थे। रिंकू बाद में ताज होटल पहुंचे, जहां सपा के कुछ पदाधिकारियों ने भी उनसे मुलाकात की।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। शुरू में शादी 18 नवंबर 2025 को ताज होटल, वाराणसी में तय थी, लेकिन T20 वर्ल्ड कप के कारण टल गई। फिर फरवरी 2026 की तारीख निकाली गई, लेकिन 27 फरवरी 2026 को रिंकू के पिता खानचंद सिंह का लंबी बीमारी (स्टेज-4 लीवर कैंसर) के बाद निधन हो गया, जिसके कारण शादी आगे बढ़ गई। अब जून 2026 में शादी तय मानी जा रही है।
रिंकू सिंह इन दिनों IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेल रहे हैं। हाल ही में 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 34 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।