Indigo Flight AC Failed: दिल्ली से वाराणसी जा रहे विमान का एसी खराब होने से तीन महिलाओं की हालत बिगड़ गई। जबकि एक महिला बेहोश हो गई। वाराणसी में विमान की लैंडिंग के बाद उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचाया गया।
Indigo Flight AC Failed: वाराणसी एयरपोर्ट पर उस समय हंगामा मच गया। जब इंडिगो की फ्लाइट के लैंड करते ही तीन महिलाओं को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान कई यात्रियों का बीपी भी लो मिला। बहरहाल अब महिलाओं की हालत बेहतर बताई जा रही है। दरअसल, दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट का एसी खराब हो गया।
इससे फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों की हालत बिगड़ गई। इस दौरान एक महिला बेहोश हो गई। जबकि अन्य दो महिलाओं की भी तबीयत बिगड़ गई। वाराणसी में फ्लाइट के लैंड करते ही उन्हें डॉक्टर के पास पहुंचाया गया।
घटना बृहस्पतिवार शाम की है। दिल्ली से गुरुवार शाम सात बजकर 35 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट 6 E-2235 ने वाराणसी के लिए उड़ान भरी। यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट जब दिल्ली एयरपोर्ट पर ही खड़ी थी। तभी उसका एसी नहीं चल रहा था। लोगों ने क्रू मेंबर से इसकी शिकायत की तो उन्होंने जवाब दिया कि फ्लाइट उड़ान भरेगी तो एसी चल जाएगा। इसके बाद रात 8 बजकर 40 मिनट पर विमान वाराणसी पहुंच गया, लेकिन AC चालू नहीं हुआ। इस दौरान फ्लाइट में यात्री एसी ठीक करने की गुहार लगाते रहे।
वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों ने मीडिया को बताया कि दिल्ली से उड़ान भरने के बाद भी फ्लाइट का एसी चालू नहीं हुआ। इसपर यात्रियों ने क्रू मेंबर से एसी चलाने को कहा, लेकिन स्टाफ हर बार एसी चालू करने का आश्वासन देता रहा। गर्मी से परेशान होकर यात्री हंगामा करने लगे। इस दौरान स्टाफ ने फिर उन्हें आश्वासन दे दिया। इससे यात्री शांत हो गए।
इसके बाद एक घंटे 5 मिनट का सफर तय करके विमान वाराणसी पहुंच गया, लेकिन एसी नहीं चल सका। इसके चलते तीन महिलाओं की हालत बिगड़ गई। जबकि एक महिला बेहोश हो गई। वाराणसी में विमान के लैंड करते ही महिलाओं को डॉक्टर के पास पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।