
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पुलिस के इतिहास में पहली बार सड़कों की तरह ट्रैफिक सिस्टम अब गंगा नदी में देखने को मिलेगा। वाराणसी में 24 नवंबर को आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस ने यह फैसला लिया है। इस फैसले को लेकर नाविक समाज को पूरी जानकारी भी दे दी गई है। गंगा की लहरों के बीचो-बीच 7.5 किलोमीटर लंबा टू-वे ट्रैफिक सिस्टम तैयार करने की कवायद की जा रही है, जिसके तहत गंगा नदी दो हिस्सों में बंट जाएगी और नावों के संचालन में बड़ी भूमिका निभाएगी।
देव दीपावली को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पहली बार सड़कों की तर्ज पर गंगा की लहरों के बीच 7.5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक सिस्टम लागू करने की योजना बनाई है। वाराणसी की देव दीपावली पर करीब 15 लाख पर्यटक काशी पहुंचने वाले हैं, जिनमें लाखों लोग गंगा की लहरों में संचालित होने वाली नाव पर बैठकर घाटों की खूबसूरती और गंगा आरती को देखते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए आसपास के जिलों के नाविक भी बनारस में आकर अपनी नाव को संचालित करते हैं। इसके कारण गंगा नदी में नाव के संचालन में परेशानी होती है।
एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि गंगा नदी में ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है, जिससे कई बार दुर्घटना का भय भी लगा रहता है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने इस बार देव दीपावली को गंगा नदी में रूट डायवर्जन जैसा प्लान तैयार किया है। गंगा नदी में टू-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाएगा। इस नियम के तहत वाटर पेंडुलम और फ्लोटिंग जेटी की मदद से नदी को दो हिस्सों में बांट दिया जाएगा और जगह-जगह यू टर्न भी बनाए जाएंगे, जिससे नमो घाट से अस्सी घाट जाने वाले और रेतीले तट से लौटने वाले नावों की आपस में टक्कर होने की संभावना शून्य के बराबर हो जाए।
एडीसीपी ने बताया कि इसके अलावा सभी नागरिकों के लिए 100 प्रतिशत लाइफ जैकेट अनिवार्य करने के साथ ही नाबालिकों के नाव चलाने पर सख्ती से रोक लगा दी गई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी जाम या खतरे के इस दिव्य उत्सव का आनंद ले सकें। उन्होंने बताया कि गंगा नदी में इस रूट डायवर्जन की निगरानी के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें में तैनात की गई हैं। इसके अलावा फ्लड पीएससी की दो कंपनियां, जल पुलिस, एक वाटर एंबुलेंस और फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन भी तैयार किया जा रहे हैं।