
Dev Dipawali Varanasi: वाराणसी में देव दीपावली की तैयारी अंतिम चरण में चल रही है। 24 नवंबर को भारत और विदेश से करीब 15 लाख पर्यटक काशी पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए तैयार हो रहे नए रास्ते को पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। यह नया रास्ता दालमंडी का वहीं क्षेत्र है, जिसे चौड़ा करके 17.4 मीटर किया गया है। यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था के लिए पहली बार दालमंडी का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की मानें तो इसके अलावा रुटमैप और डायवर्जन प्लान भी तैयार किया जा रहा है और दालमंडी मार्ग पर वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि देव दीपावली पर दुनिया भर से काशी में करीब 10 से 15 लाख लोग पहुंचेंगे। ऐसे में इतने लोगों को सुव्यवस्थित रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। वाराणसी जिला प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी है। इस बार महाकुंभ और एयर शो की तर्ज पर भीड़ प्रबंधन, यातायात और लोगों की सुरक्षा का खाका खींच दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 25 आईपीएस, 50 पीपीएस और 4 हजार से ज्यादा महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीम में भी शामिल है।
देव दीपावली पर गंगा नदी में नाव के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस पर विशेष ध्यान दिया है। नाव के संचालन के दौरान मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठने, बिना लाइफ जैकेट के सवारी बैठाने वाले नविको पर कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए जल पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। वही गोताखोरों की सहायता से गंगा नदी में सुरक्षा व्यवस्था को मुकम्मल किया जाएगा। मोटर बोट और अन्य संसाधनों से गंगा में चलने वाली नाव पर निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन ने नविको से निर्धारित नियमों के अनुरूप ही नौका का संचालन करने का निर्देश दिया है।
इस बड़े आयोजन को देखते हुए मंडलायुक्त विजएन्द्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गंगा घाटों का निरीक्षण भी किया है और सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन व यातायात की व्यवस्था की तैयारी की जमीनी हकीकत जानी है। देव दीपावली के दिन बड़ी संख्या में लोग काशी पहुंचेंगे। उनके साथ वीवीआईपी व वीआईपी भी यहां आएंगे। ऐसे में अधिकारियों ने अपने मतहतो को निर्देश दिया है कि यहां पहुंचने वाले पर्यटकों और अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। घाट के आसपास के क्षेत्र को कई जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तनाती करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।