17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक जड़ें दक्षिण एशियाई, BHU के साथ 10 संस्थानों की रिपोर्ट, पहली बार विस्तृत जिनोम पर हुआ रिसर्च

Research on Rohangiyas: दस संस्थानों के बारह वैज्ञानिकों वाले एक अंतरराष्ट्रीय दल ने इतिहास में पहली बार रोहिंग्या समुदाय का पहला विस्तृत जीनोम अध्ययन पूरा किया है...
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

वाराणसी

•

image

Vijendra Mishra

•

Updated: 17 Nov 2026, 5:50 PM IST

Varanasi latest news

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, (फाइल फोटो-पत्रिका)

BHU Research: दस संस्थानों के बारह वैज्ञानिकों वाले एक अंतरराष्ट्रीय दल ने इतिहास में पहली बार रोहिंग्या समुदाय का पहला विस्तृत जीनोम अध्ययन पूरा किया है। दल में आनुवंशिकीविद् और भाषाविद् दोनों शामिल रहे। इस व्यापक शोध का निष्कर्ष यह है कि रोहिंग्या आनुवंशिक रूप से मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया से जुड़े हैं। यह परिणाम उनकी भाषाई पहचान से भी मेल खाता है। रोहिंग्या का म्यांमार के अराकान क्षेत्र में लंबे निवास के दौरान आसपास के तिब्बतो-बर्मी भाषी समुदायों से सीमित, पर स्पष्ट आनुवंशिक मिश्रण भी हुआ है। शोधकर्ताओं ने पड़ोसी बांग्लादेशी आबादी की तुलना में उनमें पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशियाई अंश अधिक पाए हैं। उनके डीएनए में कुछ ऐसे जीन भी सामने आए, जो स्थानीय परिस्थितियों के संभावित अनुकूलन के संकेत देते हैं।

12 वैज्ञानिक हुए शामिल

इस शोध में वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय, बांग्लादेश के ढाका विश्वविद्यालय, एस्टोनिया के टार्टू विश्वविद्यालय, हैदराबाद के सीडीएफडी, बेल्जियम के केयू ल्यूवेन, इटली के बारी विश्वविद्यालय, डबलीन के ट्रिनिटी कॉलेज, कलकत्ता विश्वविद्यालय; तथा स्विट्जरलैंड के बर्न विश्वविद्यालय के 12 वैज्ञानिक शामिल रहे। बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय की अनुमति के बाद ढाका विश्वविद्यालय की डॉ. गाज़ी नुरुन नहार सुल्ताना के नेतृत्व में कॉक्स बाजार शिविर से 25 रोहिंग्या लोगों के रक्त नमूने लिए गए। तुलना के लिए 27 बांग्लादेशी मुस्लिम, 9 बांग्लादेशी हिंदू और 9 बाव्म जनजाति के नमूने भी शामिल किए गए। यूरेशिया के 2,217 नमूनों को जोड़कर इसका व्यापक सांख्यिकीय विश्लेषण किया गया।

इस शोध में प्रमुख योगदान देने वाली लेखिका डॉ. गाज़ी नुरुन नहार सुल्ताना के अनुसार, प्रारंभिक विश्लेषण में रोहिंग्या दक्षिण एशियाई समूहों के सबसे निकट एक सघन गुच्छा बनाते हैं। वे दक्षिण एशिया और पूर्व/दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच थोड़ा खिसके हुए दिखते हैं, पर उनका मूल आधार दक्षिण एशियाई ही रहता है। शोध के प्रथम लेखक डॉ. प्रज्ज्वल प्रताप सिंह ने बताया, “मॉडल आधारित सांख्यिकीय विश्लेषण में रोहिंग्या में लगभग 59 प्रतिशत कोल-संबंधित, यानी उत्तर भारतीय जैसी, वंशावली और लगभग 41 प्रतिशत बर्मी स्रोत से जुड़ी वंशावली अनुमानित हुई। पड़ोसी बांग्लादेशी मुस्लिम समूह में यही अनुपात लगभग 69 और 31 प्रतिशत रहा। यह अंतर दर्शाता है, कि म्यांमार संबंधी आबादी के साथ रोहिंग्या का आनुवंशिक मिश्रण अपेक्षाकृत अधिक हुआ है।”

जनसंख्या आकार अपेक्षाकृत बड़ा

दल के शोधकर्ताओं ने एक कदम आगे बढ़कर इसी मिश्रण का समय भी डीएनए आंकड़ों से आंका। रोहिंग्या में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई घटकों का अंतिम प्रमुख मिश्रण लगभग 701 से 974 वर्ष पहले का मिला। शोध के अनुसार, यह समय-सीमा अराकान क्षेत्र में बसने के बाद हुए स्थानीय संपर्क की ओर इशारा करती है और यह साफ़ करती है की अरकन में रोहिंग्या लोग कम-से-कम 1000 वर्षों से रह रहे है। होमोज़ाइगोसिटी विश्लेषण बताता है कि रोहिंग्या किसी अत्यंत छोटे या पूरी तरह एंडोगेमस समूह की तरह कभी नहीं रहे। उनका प्रभावी जनसंख्या आकार अपेक्षाकृत बड़ा रहा, जैसा व्यापक बांग्लादेशी और भारतीय जाति समूहों में भी देखा जाता है।

आनुवंशिकी केवल पूर्वजों का भूगोल नहीं बताती है। वह यह भी देखती है कि किसी समूह के जीनोम के कुछ हिस्से दूसरों की तुलना में अधिक तेजी से बदलते हैं। शोध दल ने पॉपुलेशन ब्रांच स्टैटिस्टिक विधि से रोहिंग्या को लक्ष्य बनाकर पश्चिम यूरेशियाई फ्रेंच और पूर्व एशियाई हान संदर्भों के मुकाबले इस अंतर को मापा। कई उम्मीदवार जीन उभरे, जिनमें बीएजी3, आईटीपीआर3, एसएनएपी91, सीओएल27ए1 और पीएलसीबी1 शामिल हैं। इनमें बीएजी3, आईटीपीआर3 और एसएनएपी91 विशेष ध्यान के योग्य माने गए, क्योंकि ये कोशिकीय तनाव प्रतिक्रिया, कैल्शियम संकेत, ऑटोफैजी यानी कोशिका की सफाई व्यवस्था, और पुटिका परिवहन से जुड़े हैं। सरल शब्दों में, ये रास्ते शरीर को गर्मी-सर्दी, संक्रमण, चयापचय दबाव और तंत्रिका संचार से निपटने में मदद करते हैं।

भाषा और जीन का संकेत एक

दक्षिण एशियाई आबादियों में पहले भी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया से जुड़े स्थानों पर चयन के संकेत मिले हैं। रोहिंग्या में आईटीपीआर3 का संकेत इसी संदर्भ में देखा जा सकता है। शोध पत्र साफ करता है कि ये संभावित लक्ष्य हैं; अकेले यह विधि किसी जीन पर निश्चित लाभकारी चयन सिद्ध नहीं करती। भाषाविद् प्रो. जॉर्ज वैन ड्रीम के अनुसार, “रोहिंग्या की कहानी एक मोज़ेक की तरह है। उसकी बड़ी परत पूर्वी दक्षिण एशिया की है और भाषा भी उसी परिवार की है। अराकान में बसने के बाद म्यांमार-संबंधित अंश इसमें जुड़ गया।” संक्षेप में, रोहिंग्या के जीनोम में दक्षिण एशियाई आधार प्रमुख है। दक्षिण-पूर्व एशियाई मिश्रण सीमित है, पर सांख्यिकीय रूप से स्पष्ट है। भाषा और जीन एक ही दिशा में संकेत देते हैं।