
Dev dipawali Varanasi: विश्व प्रसिद्ध वाराणसी की देव दीपावली में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी संभावित खतरे से निपटने के लिए एटीएस की टीम को भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही इंटेलिजेंस ब्यूरो लोकल, इंटेलीजेंस यूनिट के अलावा तमाम सुरक्षा एजेंसी घाटो के आसपास सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आईपीएस, पीपीएस समेत 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तनाती की जाएगी। वहीं, भगदड़ की आशंका को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे, जबकि कमांड सेंटर में 50 पुलिसकर्मी सीसीटीवी के माध्यम से इस पूरे आयोजन पर नजर रखेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने त्रिनेत्र भवन में 50 पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है। ये पुलिसकर्मी घाटों की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखेंगे और अत्यधिक भीड़ वाले घाटों के बीच भीड़ को नियंत्रित करने में साथी पुलिस कर्मियों की सहायता करेंगे। बर्रिकेडिंग के जरिए प्रवेश और निकास के लिए पुलिस ने अलग-अलग मार्ग निर्धारित कर दिया है। वन वे व्यवस्था लागू होने से श्रद्धालु एक ही दिशा से घाट पर पहुंचेंगे।
जिला प्रशासन ने घाट से बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए दूसरे रास्ते तैयार कर लिए हैं। प्रशासन ने आमने-सामने की भीड़ को अचानक बढ़ने और दबाव होने की स्थिति को रोकने के लिए यह फैसला लिया है। वहीं, संवेदनशील स्थानों को क्राउड रेगुलेटेड जोन में बदलकर इसे नियंत्रित किया जाएगा। गौरतलब है कि इस देव दीपावली में शामिल होने के लिए देश और विदेश से करीब 15 से 20 लाख लोग पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।
श्रद्धालुओं की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। यदि किसी घाट पर भीड़ बढ़ती है और रास्ता बाधित होता है या फिर कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो त्रिनेत्र भवन से पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराएंगे। वहीं, गंगा नदी में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मोटर बोट से गस्त करेगी। नाव के संचालन के लिए पहली बार ट्रू बैलेंस व्यवस्था निश्चित की गई है। नाव के आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जा रहे हैं। वहीं, सड़कों पर जाम और यातायात के दबाव को कम करने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था लागू की जाएगी।