वाराणसी

शिव की नगरी काशी में आज दिखेगा स्वर्गलोक का नजारा, जगमग होंगे लाखों दिये

Dev Diwali 2023: महादेव की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर भक्त गंगा में आस्था का डुबकी लगा रहे हैं। वहीं शाम होते ही जैसे ही पंचगंगा घाट पर महारानी अहलियाबाई होल्कर द्वारा बनवाए गए हजारे (जिसमे एक साथ हजार दिये हों ) में दीपक रौशन होंगे वैसे ही काशी में देव दीपावली का उत्साह शुरू हो जाएगा।

3 min read
Nov 27, 2023
view of heaven will be seen on the banks of Ganga in Kashi on Dev Diwali
देव दीपावाली पर काशी के गंगा तट पर दिखेगा स्वर्ग का नजारा

Dev Diwali 2023: धर्म की नगरी काशी देव दीपावली के उल्लास में डूब गई है। इस वर्ष काशी में इसका भव्य आयोजन होने जा रहा है। शासन और प्रशासन की पहल पर इस वर्ष जहां शासन की तरफ से 12 लाख दिये तो देव दीपावली की केंद्रीय समिति की तरफ से 22 लाख दिये गंगा तट पर जलाने का लक्ष्य है। इसके अलावा गंगा समितियों द्वारा भव्य आरती कराई जाएगी, जिसमें कार्तिक माह भर जले आकाशदीपों को भी ससम्मान उतारा जाएगा साथ ही मरणोपरांत उन वीरों को भागीरथी सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा सरकार की मंशानुरूप इस वर्ष गंगा तट पर रेती में ग्रीन आतिशबाजी कराई जाएगी तो काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर कॉरिडोर की गाथा का लेजर शो और चेत सिंह किला घाट पर काशी की गाथा का लेजर शो आयोजित होगा जिसे देखने के लिए 70 देशों के डेलीगेट्स के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी पहुंच रहे हैं।

गंगा पार रेत पर भी दीपक रोशन होंगे

उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर 85 घाटों की श्रृंखला पर इस साल योगी सरकार की ओर से 12 लाख और जन सहभागिता से मिलकर कुल लगभग 21 लाख से अधिक दीप काशीवासी घाटों, कुंडों, तालाबों और सरोवरों पर जलाए जाएंगे। गंगा पार रेत पर भी दीपक रोशन होंगे। योगी सरकार चेत सिंह घाट पर लेजर शो कराएगी। काशी के घाटों के किनारे सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों पर धर्म की कहानी लेज़र शो के माध्यम से जीवंत होती दिखेगी। पर्यटक गंगा पार रेत पर शिव के भजनों के साथ क्रैकर्स शो का भी आनंद ले सकेंगे।

दशाश्वमेध घाट की महाआरती में दिखेगी राम भक्ति और राष्ट्रवाद की झलक

आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रवाद व सामाजिकता की भी झलक देव दीपावली में दिखेगी। दशाश्वमेध घाट की आरती रामलला को समर्पित होगी। यहां रामलला व राम मंदिर की झलक मिलेगी। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा अमर जवान ज्योति की अनुकृति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारत के अमर वीर योद्धाओं को 'भगीरथ शौर्य सम्मान' से सम्मानित भी किया जाता है। 21 अर्चक व 51 देव कन्याएं रिद्धि सिद्धि के रूप में दशाश्वमेध घाट पर महाआरती करेंगी, जो नारी शक्ति का भी संदेश देंगी। घाटों पर छत्रपति शिवजी महाराज के चित्रों के जरिए संदेश देंगी तो वहीं गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश उत्सव पर उनसे चित्रों का प्रदर्शन दिखेगा। इस आरती में सेना का बैंड, इंडिया गेट और अमर जवान ज्योति खास होगी, जहां सेना के तीनों अंगों के प्रमुख पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।

11 टन फूलों से सजा बाबा विश्वनाथ का दरबार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को विशाखापट्टनम के एक भक्त द्वारा 11 टन फूलों से सजाया गया है। भक्त यहां मंगला आरती के बाद से दर्शन के लिए उमड़ पड़े हैं। देर शाम शुभ मुहूर्त में यहां बाबा के प्रांगण में दिये जलाए जाएंगे। वहीं मंदिर कार्यपालक अधिकारी के अनुसार योगी सरकार की पहल पर गंगा द्वार पर लेजर शो के माध्यम से श्री काशी विश्वनाथ धाम पर आधरित काशी का महत्व और कॉरिडोर के निर्माण संबंधित जानकारी लेजर शो के माध्यम से दिखाई जाएगी।

70 देशों के राजदूत व 150 विदेशी डेलिगेट्स देखेंगे अलौकिक नजारा

विश्वविख्यात देवदीपावली पर साक्षी बनने के लिए 70 देशों के राजदूत काशी आएंगे। इनके साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स और परिजन भी देव दीपावली का दिव्य नजारा देखेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इनका स्वागत करेंगे। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी मेहमान देव दीपावली के अविस्मरणीय पलों के साक्षी बनेंगे। मेहमान दोपहर बाद एयरपोर्ट से नमो घाट आएंगे। यहां से क्रूज पर सवार होकर देव दीपावली के भव्य नजारे को कैद करेंगे।

सजावट और सुरक्षा के किये गए हैं पुख़्ता इंतजाम

देव दीपावली देखने विश्व भर के पर्यटक आते हैं। रंगोली, फसाड लाइट व झालरों से सजावट किया गया है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतज़ाम रहेगा। ड्रोन उड़ान पर पूरी तरह ऱोक लगा दी गई है, जिले की सीमा पर भी चौकसी बरती जाएगी। घाटों पर वाच टावर से निगरानी रखी जाएगी। पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए अस्पतालों में बेड रिज़र्व कर चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया है। गंगा में फ्लोटिंग डिवाइडर बनाए गए हैं। नाविकों को निर्धारित पर्यटकों को बैठाने व लाइफ जैकेट पहनने की हिदायत दी गई है। एनडीआरएफ की 8 टीमों को विभिन्न घाटों पर बचाव उपकरणों, मेडिकल टीम “वाटर एम्बुलेंस” के साथ विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के निःशुल्क उपचार के लिए मौजूद है।

Updated on:
27 Nov 2023 08:49 am
Published on:
27 Nov 2023 08:39 am