धनतेरस के मौके पर बाजार की रौनक देखते ही बनती है
वाराणसी. दिवाली के दो दिन पहले धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन लोग जमकर खरीदारी करते हैं। इस बार धनतेरस 5 नवम्बर 2018 को सोमवार को मनाई जाएगी। लेकिन क्या आप जानते हैं उन चीजों के बारे में जो आपको इस मौके पर खासतौर पर खरीदनी चाहिए। धनतेरस के मौके पर बाजार की रौनक देखते ही बनती है। लोग खूब खरीदारी के लिए बाहर निकलते हैं। इस दिन पीतल, सोना, चांदी आदि खरीदने की परंपरा है। रसोई के लिए भी कुछ न कुछ सामान जरूर लिया जाता है। गाड़ी, घर की डील भी की जाती है।
इस मुहूर्त में करें पूजा होगा धन लाभ
सूर्यास्त के बाद के 2 घण्टे 24 की अवधि को प्रदोषकाल के नाम से जाना जाता है. प्रदोषकाल में दीपदान व लक्ष्मी पूजन करना शुभ रहता है।
5 नवम्बर सूर्यास्त समय सायं 17:30 तक रहेगा। इस समय अवधि में स्थिर लग्न 18:10 से लेकर 20:09 तक वृषभ लग्न रहेगा। मुहुर्त समय में होने के कारण घर-परिवार में स्थायी लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। अमृत काल मुहूर्त 16:30 से 18:00 तक शुभ काल मुहूर्त की शुभता से धन, स्वास्थ्य व आयु में शुभता आती है। सबसे अधिक शुभ अमृत काल में पूजा करने का होता है।
दीप जलाने का शुभ मुहूर्त
प्रदोष काल का समय 17:31 से 20:04 तक रहेगा, स्थिर लग्न 18:10 से 20:09 तक रहेगा। धनतेरस की पूजा के लिए उपयुक्त समय 18:10 से 20:04 के मध्य तक रहेगा।
इस दिन कुबेर, यम और धन्वंतरि का पूजन होता है। इसके जरिए धन, लंबी उम्र और सेहत की कामना की जाती है. ऐसे में धनतेरस के मौके पर कुछ खास चीजों को खरीदने का विधान है। कहते हैं कि इससे घर में धन वर्षा होती है।
खरीददारी में इन बातों को भी रखें ध्यान
-पानी रखने के लिए धातु से बना कोई बर्तन खरीदें।
-गणेश और लक्ष्मी की अलग-अलग मूर्तियां खरीदें।
- खील-बताशे, मिट्टी के दीपक ज़रूर खरीदें।
- अंकों का बना हुआ धन का कोई यन्त्र भी खरीदें और धनतेरस के दिन इन सबकी पूजा करें।