लोहता थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में वरुणा नदी में एक किशोर को डूबाए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उनके बेटे को डुबाने का आरोप लगाया है...
वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में वरुणा नदी में एक किशोर को डूबाए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उनके बेटे को डुबाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया है। शव बरामद होने के बाद परिजन धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस से उनकी धक्का मुक्की भी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, लोहता के हैबतपुर गांव का रहने वाला आकाश अपने दोस्तों के साथ गांव से ही कुछ सौ मीटर दूर वरुणा नदी में नहाने गया था। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को गांव के ही एक श्रीकांत पांडे नामक युवक ने जानबूझकर डुबोकर हत्या कर दी है।
परिजनों ने बताया कि श्रीकांत आकाश को जबरदस्ती अपने साथ बाइक पर बिठाकर नदी के पास ले गया था। उन्होंने बताया कि उनके बेटे आकाश को तैरना नहीं आता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नहाने के दौरान श्रीकांत उनके बेटे आकाश को लेकर बीच नदी में पहुंचा, जहां पर धार काफी तेज थी और उसने उनके बेटे को वहीं छोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि बेटे को डूबता देख श्रीकांत खुद किनारे पर आ गया और उसके डूबने का इंतजार करने लगा।
परिजनों ने बताया है कि इस दौरान उनके साथ गए गांव के ही दो नाबालिक बच्चे इस पूरे मंजर को अपनी आंखों से देखते रहे, लेकिन धार तेज होने के कारण वे नदी में नहीं उतर पाए और उनके बेटे की डूबकर मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे आकाश की मौत के बाद आरोपी ने आकाश के कपड़ों में पत्थर बांधकर नदी में फेंक दिया ताकि किसी तरह का सुराग पुलिस के हाथ न लग पाए।
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मंजर को एक छोटे बच्चे ने देखा था और हिम्मत जुटा कर वह अपने माता-पिता के पास पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजन व ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डायल 112 को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
खोजबीन के दौरान नदी से आकाश के कपड़े बरामद हुए और करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आकाश का शव भी गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव नदी से निकले जाने के बाद परिजनों ने उसे लेकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान लोहता थाना अध्यक्ष के साथ परिजनों की धक्का मुक्की की भी खबरें सामने आई हैं।
परिजनों ने बताया कि रविदास जयंती के मौके पर श्रीकांत पांडे और आकाश के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद श्रीकांत ने आकाश की हत्या करने की योजना बनाई थी। उसी के तहत श्रीकांत आज घर पहुंचा था और उसने जानबूझकर आकाश को अपने साथ नहाने का बहाना बनाकर नदी में डुबो दिया।
मौके पर पहुंचे लोहता थाना अध्यक्ष राजबहादुर मौर्य ने बताया कि किशोर का शव बरामद कर लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजन आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें समझा बुझाकार जाम समाप्त करवाया गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपों को गिरफ्तार किया जाएगा।