चौबेपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही सगी बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है...
वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही सगी बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी दुष्कर्म के बाद भागने की फिराक में था। इसी दौरान चौबेपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सारनाथ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में एक पिता ने अपनी ही 9 वर्षीय बेटी को हवस का शिकार बनाया है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात सभी लोग खाना खाकर सोने गए थे। वहीं घर के अंदर पीड़ित बच्ची सो रही थी, जबकि उसकी मां सोने के लिए छत पर गई हुई थी।
इसी दौरान शराब के नशे में आरोपी पिता घर पहुंचा और बेटी को अकेला देखकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। सुबह परिवार के सो कर उठने से पहले ही वह घर से भाग चुका था। वहीं, बेटी को बेसुध हालत में देखकर मां को शक हुआ तो उसने बेटी से पूछताछ की।
बेटी ने उसके साथ हुई सारी घटना अपनी मां को बता दी। इसके बाद पीड़िता की मां चौबेपुर थाने पहुंची और तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुंबई भागने की फिराक में है और सारनाथ रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहा है। घटना की जानकारी होने के बाद थाना अध्यक्ष वीरेंद्र सोनकर ने एक टीम को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए रवाना किया।
सारनाथ रेलवे स्टेशन से चौबेपुर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और उसे लेकर थाने आई। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने तहरीर देकर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद मामले को तत्काल संज्ञान लेकर सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी पिता को पकड़ लिया गया है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी पिता को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।