
वाराणसी. गुजरात में यूपी और बिहार के लोगों पर किस तरह जुल्म ढाया जा रहा है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। वहां के लोगों में भय व्याप्त है। ऐसे ही कुछ लोग बुधवार को उधना एक्सप्रेस से पहुंचे बनारस। इसमें आजमगढ़, गाजीपुर, मधुबनी और आरा (बिहार) के लोगो की तादाद ज्यादा थी। उन्होने रो-रो कर अपना दुखड़ा सुनाया। ये सारे लोग छोटे-छोटे बच्चों के साथ अपना रोजी-रोजगार, घर-द्वार छोड़ कर लोग भाग रहे हैं जान बचाने के लिए।
गुजरात से लौट रहे लोग काफी डरे हुए हैं। परिवार की सुरक्षा की गहरी चिंता ने उन्हें गुजरात छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। लोगों ने बताया कि उत्तर भारतियों पर न केवल हमले हो रहे हैं, बल्कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं कि वापस भागो, नहीं अंजाम के लिए तैयार रहो। वहां जो आलम है उसमें वहां कई दशक से काम-धंधे में लगे लोगों को अब जान-माल की हिफाजत की चिंता सता रही है। लोगों ने अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि सूरत में दहशत है, अहमदाबाद में लोगों से मारपीट हो रही है और अन्य स्थानों पर ऐसी घटनाओं से उत्तर के लोग परेशानहाल हैं।
मधुबनी के निर्भय पासवान, आजमगढ के संजय राम व सीमा देवी, आरा के पप्पू पाल, मऊ के जयप्रकाश, गाजीपुर के देवेश पांडेय, आरा की ही मुन्नी देवी, सारो देवी, चुनमुन साहब के अलावा सर्वेश तिवारी, रागिनी तिवारी और उनकी 08 साल की बच्ची सौम्या आदि ने खुलकर अपनी व्यथा बताई। सभी डरे हुए थे और जहां खुलकर अपनी पीड़ा बता रहे थे, वहीं सहमे हुए कुछ परिवार ऐसे भी थे जो कुछ बताने में भी डर रहे थे।
इन सभी लोगों से बुधवार को कैंट स्टेशन पर मिले वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पिंडरा के पूर्व विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय। उन्होने उनकी पीड़ा को समझने की कोशिश की।। जनप्रतिनिधि को अपने सामने देख लोगों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। राय ने पत्रिका को बताया कि गुजरात में उत्तर भारतीयों के विरूद्ध हिंसा और बड़ी संख्या में उनके बलात पलायन की घटनायें लोगों की गहरी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। इसके चलते लोग वहां से बड़ी तादाद में भागने को मजबूर हैं। ऐसे लोगों ने बताया कि
राय ने कहा कि 2014 में जहां गुजरात के उत्तर भारतीयों को सवेतन अवकाश एवं यात्रा के साधन मुहैया कराकर सुसंगठित तरीके से अपने घरों को भाजपा के चुनाव प्रचार एवं कथित वाइब्रेंट गुजरात के गुणगान के लिए भेजा गया था। वहीं उनकी सरकार बनने के बाद आज उसी वाइब्रेंट गुजरात की आर्थिक मंदी से उपजे क्षेत्रवाद का प्रहार उत्तर भारत के लोगों को झेलना पड़ रहा है, जो शर्मनाक एवं राष्ट्रीय एकता के लिए गहरी चिंता का विषय है।
गुजरात से आए लोगों से मिलने वलों में शैलेन्द्र सिंह, हरीश मिश्रा, संजय सिंह डॉक्टर, रंजीत सेठ आदि शामिल थे।