
वाराणसी. कैंट और मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के बाद अब काशी रेलवे स्टेशन को भव्यता प्रदान करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए दिल्ली कंसल्टेंट कंपनी की नियुक्ति भी हो गई है। अब स्थानीय संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार करने की हिदायत दी गई है। कहा गया है कि जल्द से जल्द भविष्य के भार का आंकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि संबंधित कंसल्टेंट कंपनी उसके आधार पर डीपीआर को अंतिम रूप दे सके।
इस संबंध में शुक्रवार को कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने मातहतों संग बैठक कर मल्टीलेबल इंटर मॉडल स्टेशन बनने की अड़चनों का शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। कमिश्नर ने कहा संभावित ट्राफिक भार का आकंलन कर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होने बताया कि इस मल्टीलेबल इंटर मॉडल स्टेशन में रेलवे स्टेशन, इंटर स्टेट बस टर्मिनल, मेट्रो के अलावा जल परिवहन टर्मिनल शामिल होगा। उन्होंने इंटीग्रेडेड एक्शन प्लान तैयार किए जाने के लिए कंसल्टेंट कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया। साथ ही उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि वे रेलवे एवं राजस्व अधिकारियों की टीम के साथ भूखण्ड का स्थलीय निरीक्षण कर मौके से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उपजिलाधिकारी सदर ने बताया कि मौके पर ज्यादातर हिस्सा रेलवे के कब्जे में है। कुछ हिस्से पर ही अतिक्रमण है। इस पर कमिश्नर ने उपलब्ध भूखंड का सीमाकंन कराकर यह सुनिश्चित हो जाए कि वहां किसी तरह का अतिक्रमण दोबारा न हो। बतादें कि भौगोलिक दृष्टि से काशी रेलवे स्टेशन मल्टी लेबल इंटर मॉडल स्टेश के लिए सर्वथा उपयुक्त है। खास तौर पर जलपरिवहन के लिए यह स्थान सबसे ज्यादा मुफीद है। कारण यह स्टेशन गंगा के तट पर है। यह स्टेशन वर्तमान में ही एनआर और एनईआर को जोड़ने वाला प्रमुख स्टेशन है। इस मौके पर संयुक्त विकास आयुक्त डॉअभय श्रीवास्तव, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी सहित रोडवेज, रेलवे, परिवहन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।