
Manikarnika ghat varanasi: वाराणसी में महाश्मशान कहे जाने वाले मणिकर्णिका घाट पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी होने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। वहीं, इस मारपीट की इस घटना में घायल हुआ युवक बेहोश हो गया था, जिसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चंदौली के रामगढ़ के रहने वाले रमेश सिंह ने बताया कि 9 अक्टूबर को वह अपने बहनोई वंश नारायण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मणिकर्णिका घाट पहुंचे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान चोलापुर के रहने वाले उनके भांजे अभिषेक सिंह की कुछ लोगों से बहस हो गई, जिसके बाद लोगों ने उसे देख लेने की धमकी दी और लाठी डंडों से उसकी पिटाई कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिटाई के बाद अभिषेक बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया।
वहीं, पिटाई के बाद बेहोश हुए अभिषेक को इलाज के लिए परिजनों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं, रमेश सिंह ने पूरे मामले में चौक पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद चौक पुलिस ने जंसा के रहने वाले ऋषिकेश चौधरी, बादल चौधरी, मिर घाट के रहने वाले सनी चौधरी, बड़ी गैबी के रहने वाले गुड्डू चौधरी, मिर घाट के रहने वाले अनिल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में थाने के उप-निरीक्षक हिमांशु मिश्रा को जांच सौंप दी गई है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया है कि मणिकर्णिका घाट पर कुछ लोग एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। उन्होंने बताया कि घायल हुए युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसे फिलहाल डिस्चार्ज कर दिया गया है। एसीपी के मुताबिक, मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार अन्य लोगों की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।