वाराणसी

चैत्र नवरात्र में बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें, मंदिर जाने वालीं सड़कें होंगी दुरुस्त, बैठक में महापौर ने दिए निर्देश

वाराणसी में चैत्र नवरात्र को लेकर महापौर ने अधिकारियों संग बैठक की है। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया है कि नवरात्र के दौरान नगर निगम सीमा क्षेत्र में आने वाली समस्त मीट व मछली की दुकान बंद रहेंगी...

less than 1 minute read
Mar 16, 2026

वाराणसी: चैत्र नवरात्र के अवसर पर शहर में धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम सीमा के भीतर आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें नवरात्र के दौरान पूरी तरह बंद रहेंगी। महापौर ने बैठक कर इस निर्णय का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए हैं।

खराब सड़कों की होगी मरम्मत

सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के प्रमुख देवी मंदिरों तक जाने वाले मार्गों का तुरंत निरीक्षण किया जाए और जहां भी सड़कें खराब हैं, वहां तत्काल पैचवर्क और गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव कर साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

पेयजल आपूर्ति में नहीं होगी रुकावट

बैठक में जलकल विभाग को विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि नवरात्र के दौरान शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही पेयजल आपूर्ति भी सुचारु रूप से बनाए रखने को कहा गया है। इसके अलावा आलोक विभाग को मंदिरों से जुड़े सभी मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

Updated on:
16 Mar 2026 06:05 pm
Published on:
16 Mar 2026 06:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर