
Pic- patrika
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित तौर पर की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सत्ता पक्ष लामबंद हो चुका है। इसके साथ ही बीजेपी के कार्यकर्ता प्रदेश और देश में विभिन्न स्थानों पर अजय राय के खिलाफ प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का काम कर रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अजय राय को लेकर एक बयान दिया है, जिसके बाद इस बयान को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
दरअसल, महोबा में अजय राय द्वारा कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द कहे जाने के बाद बीजेपी अजय राय को आड़े हाथों ले रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अजय राय को दो कौड़ी और थूक कर चाटने वाला नेता तक करार दे दिया है। अनिल राजभर के इस बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा है कि अपने द्वारा दिए गए बयान को अजय राय एआई का बता रहे हैं। अजय राय को उत्तर प्रदेश सरकार के हंटर से डर लग रहा है, इसीलिए वह इसे एआई निर्मित वीडियो बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अजय राय बहुत बलवान बनते थे, लेकिन सच्चाई यह है कि अजय राय दो कौड़ी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अजय राय अपनी असली औकात में आ चुके हैं। जब हंटर चलने की संभावना दिखाई तो तो थूक कर चाटने वालों की तरह बात करने लगे कि हमने ऐसा कुछ नहीं कहा है। अनिल राजभर ने कहा है कि अजय राय के खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी।
दरअसल, महोबा जिले में एक कार्यक्रम आयोजित था, जिसकी जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ पहुंचे हुए थे, जिसके बाद कथित तौर पर उनका एक वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द कहता हुआ सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो के वायरल होते ही सत्ता पक्ष और बीजेपी के कार्यकर्ता अजय राय के खिलाफ लाम बंद हो गए।
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया है कि उन्होंने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया है। वीडियो में दिखाया जा रहा उनका बयान पूरी तरह से एआई जेनरेटेड है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने महोबा की बेटी के लिए आवाज उठाने का काम किया, इसलिए उनका एआई वीडियो बनाकर उसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि वह जेल जाने को तैयार हैं।
Published on:
25 May 2026 05:40 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
