वाराणसी

वाराणसी में देवर ने भाभी को गड़ासे काट डाला, खुद ही पुलिस को किया सूचित, भाभी की बहन बनी हत्या की वजह

लच्छापुर गांव में अजीत नामक एक शख्स ने अपनी सगी भाभी पूनम देवी की गड़ासे व कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है...

2 min read
Apr 11, 2026
Pc-patrika

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते का कत्ल किए जाने का मामला सामने आया है। यहां एक देवर ने अपनी सगी भाभी की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी ने खुद ही पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है।

लच्छापुर गांव में अजीत नामक एक शख्स ने अपनी सगी भाभी पूनम देवी की गड़ासे व कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। इस वारदात के दौरान उसकी भाभी उसके सामने हाथ पर जोड़ती रही, लेकिन अजीत का दिल नहीं पसीजा और वह लगातार वार करता रहा। बताया जा रहा है कि अजीत के ऊपर खून सवार था और इस दौरान उसकी भाभी का एक पैर कट कर अलग हो गया। घटना के बाद आरोपी अजीत ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी भाभी की बहन से करता था प्यार

बताया जा रहा है कि अजीत को अपनी भाभी की बहन से प्यार था और वह चाहता था कि उसकी भाभी शादी करवा दें, लेकिन उसकी भाभी बार-बार उसके प्रस्ताव को ठुकरा देती थी। इस मामले में पूर्व में भी वह भाभी के साथ विवाद कर चुका था और पुलिस ने उसका शांति भंग में चालान किया था, लेकिन इस बार उसने भाभी की हत्या किए जाने का खौफनाक कदम उठा लिया।

भारतीय रेल में कार्यरत हैं मृतका के पति

मृतका पूनम के पति सुजीत कुमार पटेल भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं और उनका एक 6 साल का बेटा भी है। घटना की जानकारी होने के बाद पति और मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इस दौरान पूनम के शव को देखकर चीत्कार मारकर रोने लगे। परिजनों ने बताया कि वारदात के समय उन्होंने अजीत को काफी रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसे वह मानने को तैयार नहीं था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात वह अपनी भाभी के कमरे में पहुंचा था और भाभी से एक बार फिर शादी कराए जाने की मिन्नत करने लगा। आरोपी है कि भाभी ने कहा कि वह जीते जी अपनी बहन और अजीत की शादी नहीं होने देगी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था और शनिवार की सुबह एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई और अजीत ने भाभी की हत्या कर दी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलने के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया है कि मृतक के पति द्वारा तहरीर प्राप्त कर ली गई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Published on:
11 Apr 2026 02:06 pm
Also Read
View All