वाराणसी

बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने हार स्वीकारी, सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक पोस्ट, सपा मना रही जश्न

MLC Election up: वाराणसी खंड स्नातक से बीजेपी प्रत्याशी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताया है...
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 10:37 AM IST
Varanasi latest news
बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह, (PC-PATRIKA)

MLC Election: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है। 6 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की ह, जबकि चार सीट समाजवादी पार्टी के खेमे में गई है। 11 में से केवल एक सीट बची है, जिस पर फैसला अभी तक नहीं हो सका है और वह सीट है वाराणसी खंड स्नातक की, जिस पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। नौ चक्र की गणना पूरी हो चुकी है और प्रथम वरीयता के बाद अब द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती शुरू की जा चुकी है। इसी बीच भाजपा के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने अपनी हर को स्वीकार करते हुए फेसबुक पर भावुक भरा संदेश शेयर किया है।

जानें क्या बोले बीजेपी प्रत्याशी

केदारनाथ सिंह ने लिखा, "आभार, कृतज्ञता एवं जनसेवा का संकल्प। वाराणसी खंड के समस्त सम्मानित स्नातक मतदाताओं के प्रति मैं हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस चुनाव में अपना अमूल्य मत देकर मुझ पर विश्वास व्यक्त किया और अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया।" उन्होंने कहा, "जनादेश को मैं पूर्ण विनम्रता एवं लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करता हूं। यद्यपि इस चुनाव में हमें अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं हो सकी, तथापि आप सभी का स्नेह, सहयोग और विश्वास मेरे लिए सदैव अमूल्य रहेगा। मेरे लिए राजनीति सत्ता अथवा पद प्राप्त करने का माध्यम मात्र नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने और जनसेवा के संकल्प को साकार करने का एक सतत प्रयास है।"

केदारनाथ सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गठबंधन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं समर्थकों का हृदय से विशेष आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस चुनाव में पूर्ण निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ उनका साथ दिया। केदारनाथ ने कहा, "चुनाव में सफलता और असफलता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अभिन्न अंग हैं, किंतु जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम का मोहताज नहीं होता। मैं पूर्ववत आप सभी के बीच उपस्थित रहूंगा तथा स्नातक समाज के हितों, उनकी समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखूंगा। आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मेरे लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुनः आप सभी के प्रति हृदय से कृतज्ञता एवं सादर प्रणाम।"

27 अक्टूबर को शुरू हुई थी मतगणना

केदारनाथ सिंह के इस पोस्ट से यह स्पष्ट है कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा अब स्नातक सीट पर बाजी मार चुके हैं। उधर सपा के खेमे में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ता ढोल और नगाड़ों पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। 27 अक्टूबर से शुरू हुई मतगणना का परिणाम अभी तक आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हो सका है। प्रथम वरीयता के बाद अब द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती शुरू हो गई है। जल्द ही स्नातक सीट पर परिणाम घोषित हो सकते हैं।

Updated on:
29 Oct 2026, 10:37 AM IST
Published on: