वाराणसी

काशी में बनेगा नमोः बनारस केंद्र,145 करोड़ आएगी लागत, इन लोगों को होगा फायदा

नगर निगम ने कैंट स्थित माल गोदाम की भूमि पर 'नमो: बनारस केंद्र' स्थापित करने की योजना को मंजूरी दे दी है। करीब 145 करोड़ रुपए की लागत से यहां कमर्शियल कंपलेक्स का निर्माण किया जाएगा...

2 min read
Apr 13, 2026
फाइल फोटो

वाराणसी: काशी अब सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक विकास की ओर भी बढ़ रहा है। शहर में स्मार्ट व्यवस्था को लेकर नगर निगम तरह-तरह की परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। नगर निगम ने इसी कड़ी में एक अहम फैसला लेते हुए कैंट स्थित माल गोदाम की भूमि पर 'नमो: बनारस केंद्र' स्थापित करने की योजना को मंजूरी दे दी है।

0.82 हेक्टेयर भूमि पर होगा निर्माण

महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है। इस योजना के तहत करीब 0.82 हेक्टेयर भूमि पर एक आधुनिक जी-प्लस सिक्स मल्टी स्टोरी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। इसके लिए 145.36 करोड़ रुपए की लागत आएगी। नगर निगम के मुताबिक, 48,365 वर्ग मीटर में इसका निर्माण होगा, जिसमें 844 छोटी बड़ी दुकान निर्मित करने का प्रस्ताव रखा गया है।

व्यापारियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए दुकानों का आकार भी अलग-अलग होगा। इसमें 155 वर्ग फीट से 655 वर्ग फीट तक की दुकान उपलब्ध रहेंगी। इस आधुनिक केंद्र में बनारसी साड़ी उद्योग से जुड़े बुनकर और सप्तसागर दवा मंडी के व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी। नगर निगम की इस पहल से पारंपरिक उद्योगों को मजबूती मिलने और उसमें तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऐसे जुटाए जाएंगे पैसे

नगर निगम ने इसके लिए 100 करोड़ रुपए व्यापारियों से जुटाने को लेकर कवायद करेगा, जबकि बचे हुए 45.36 करोड़ राज्य वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान की बचत राशि से खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने बताया कि वित्त पोषण के लिए जमा की गई राशि से निगम के ऊपर अतिरिक्त बोझ भी नहीं पड़ेगा।

इसके साथ ही नगर निगम ने डिजिटल सुविधाओं का भी विस्तार शुरू कर दिया है। पहले चरण में दशाश्वामेध और अस्सी घाट पर मुफ्त वाईफाई की सुविधा शुरू की जा चुकी है। अब दूसरे चरण में शहर के प्रमुख चिकित्सा संस्थान ट्रॉमा सेंटर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल और कैंसर अस्पताल परिसर में मुफ्त वाईफाई की सुविधा दी जाएगी। निगम के मुताबिक, जो भी लोग दूर दराज के इलाकों से इलाज कराने वाराणसी आते हैं, उन्हें मुफ्त वाईफाई का लाभ खास तौर पर मिलेगा।

Updated on:
13 Apr 2026 08:21 pm
Published on:
13 Apr 2026 08:19 pm
Also Read
View All