
Rajghat Bridge Block : वाराणसी में लगभग 100 साल पुराने राजघाट पुल के मरम्मत के लिए रविवार से कार्य शुरू होने जा रहा है, ऐसे में डीडीयू जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पुल पर किसी भी प्रकार का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग 60 दिनों तक इसपर कम करेगा। ऐसे में कई ऐसे वैकल्पिक रास्ते हैं जिससे लोग आसानी से आवागमन कर सकते हैं। हालांकि, थोड़ी दूरी पहले से अधिक बढ़ जाएगी।
धर्म नगरी काशी में दूर दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन पूजन और घूमने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कई बार वाराणसी का टिकट न मिलने पर वह डीडीयू जंक्शन पर अपनी यात्रा समाप्त करते हैं और दर्शन पूजन के बाद लौटने के लिए भी डीडीयू जंक्शन का सहारा लेते हैं, लेकिन 14 जून से रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक 13 अगस्त तक राजघाट पुल बंद रहेगा। राजघाट पुल डीडीयू जंक्शन और वाराणसी जंक्शन को जोड़ने वाला सबसे व्यस्ततम और सबसे शॉर्टकट रास्ता है, लेकिन अब 60 दोनों का ब्लॉक लिए जाने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ाने वाली है।
जिन यात्रियों और श्रद्धालुओं की ट्रेन डीडीयू जंक्शन से है, वे कैंट रेलवे स्टेशन से लंका और वहां से रामनगर-सामने घाट ब्रिज को पार करके डीडीयू जंक्शन पहुंच सकते हैं। हालांकि, राजघाट पुल से यह रास्ता में महज 12 किलोमीटर का ही है, लेकिन रामनगर-सामने घाट ब्रिज से होकर जाने में करीब 20 से 22 किलोमीटर की दूरी पड़ेगी। ऐसे में यात्रियों को अपनी जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। ऐसे ही डीडीयू जंक्शन से पड़ाव और रामनगर होते हुए सामने घाट पुल से लंका होते हुए लोग वाराणसी जंक्शन पहुंच सकते हैं।
जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया जैसे जिलों से आने वाले लोगों के लिए चंदौली में प्रवेश रिंग रोड के जरिए कर सकते हैं। संदहा चौराहे से रिंग रोड होते हुए लोग चंदौली के अलीनगर क्षेत्र के पंचफोड़वा इलाके में नई दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे पर उतरकर आसानी से चंदौली और डीडीयू जंक्शन पहुंच सकते हैं। वहीं, डीडीयू जंक्शन से काशी में आने के लिए विश्व सुंदरी पुल होते हुए डाफी के रास्ते शहर में प्रवेश किया जा सकता है। चंदौली के सकलडीहा जैसे इलाकों में जाने के लिए चंद्रा चौराहे से बलुआ मार्ग होते हुए लोग आसानी से जा सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया है कि राजघाट पुल काफी पुराना है और ऐसे में उसकी मरम्मत की अत्यंत आवश्यकता थी। इसलिए 60 दोनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। ट्रैफिक पुलिस की माने तो पीडब्ल्यूडी विभाग रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक युद्ध स्तर पर काम करके इसके मरम्मत का कार्य पूरा करेगा। हालांकि, उन्होंने बताया है कि इस दौरान पैदल आने जाने वाले लोगों को अनुमति दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले जनवरी में पुल को बंद किया गया था, लेकिन ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के कारण काम को रोक दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, इस बार कई वैकल्पिक रास्ते खुले हैं, ऐसे में उम्मीद है कि पहले की तरह असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, यदि लोगों को ट्रैफिक से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो वे ट्रैफिक कंट्रोल रूम को 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर कॉल करके जानकारी दे सकते हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत थी सहायता करेंगे।