
वाराणसी. रोहनिया पुलिस ने मंगलवार को दो तस्कर को गिरफ्तार करके 239 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार दीपावली में बिहार में खपाने के लिए इलाहाबाद से शराब लायी जा रही थी। बरामद शराब का अनुमानित मूल्य 65 लाख रुपये हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
यह भी पढ़े:-नये आदेश से बीजेपी मंत्रियों में मची खलबली, सताने लगा कुर्सी जाने का डर
रोहनिया थाना प्रभारी पी त्रिपाठी अखरी चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि इलाहाबाद से टाटा डीसीएम से अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है। रोहनिया थाना प्रभारी ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए वाहनों की चेकिंग तेज कर दी। इसी बीच पुलिस को एक डीसीएम आते हुए दिखायी दी। पुलिस ने डीसीएम को रोक कर तलाशी ली तो उसमे छिपा कर रखी गयी कुल 239 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम बलराम शर्मा निवासी दिल्ली व पंकज सिंह निवासी रायमपुर हरियाणा बताया है। तस्करों ने बताया कि अवैध शराब को बिहार भेज कर दीपावली पर ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी थी लेकिन पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने डीसीएम के साथ 239 पेटी में रखी 8484 शीशी अवैध शराब को सीज कर दिया है। तस्करों में पकडऩे वालों में रोहनिया थाना प्रभारी के अतिरिक्त अखरी चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह, नीरज कुमार ओझा, विवेक कुमार सिंह आदि पुलिसकर्मी शामिल थे।
यह भी पढ़े:-अनुप्रिया पटेल ने गुजरात जाने के लिए बुक कराई ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना, अब राजा भैया की बारी