शहर में कहीं भी कूड़ा फेंकने वाले लोगों पर नकेल कसने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। निगम ने लोगों से अपील की है कि गंदगी फैलाने वाले लोगों की फोटो निगम को भेजें और फोटो भेजकर 500 रुपए का इनाम पाएं...
वाराणसी: नगर निगम ने शहर में गंदगी फैलाने वालों पर नकेल कसने की तैयारी शुरू कर दी है। इस काम के लिए नगर निगम ने जिम्मेदारी काशी के लोगों को सौंप दी है। गंदगी फैलाने वालों की फोटो निगम को भेजने पर निगम 500 रुपए का इनाम देगा और गंदगी फेंकने वाले शख्स के खिलाफ कार्रवाई भी करेगा। इसको लेकर नगर निगम ने शहर के लोगों से अपील की है कि शहर को साफ रखने में निगम की मदद करें।
स्वच्छ शहरों की सूची में काशी को नंबर एक पर लाने को लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी को लेकर नगर निगम ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क पर कूड़ा फेंक रहा है तो उसकी फोटो खींचकर निगम को भेजें फोटो भेजने वाले व्यक्ति को निगम 500 रुपए का नकद इनाम देगा और गंदगी फैलाने वाले व्यक्ति से जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई और चाट संचालकों को दुकान के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा नहीं किए जाने पर पहले नोटिस उसके बाद आरोपी दुकानदार के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर की साफ सफाई को लेकर नगर निगम ने अधिकारियों के साथ बैठक की और इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई है। बैठक में वरुणा नदी में जलकुंभी के बीच एंटी लारवा छिड़काव और एढ़े में गौशाला में बाउंड्री बाल निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही मानसून के दौरान शहर को जल भराव से रोकने के लिए नालों की सफाई को लेकर भी रणनीति तैयार की गई है। इस बैठक में शामिल महापौर अशोक तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नालों की साफ सफाई को लेकर टेंडर जारी कराया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए की बरसात के समय इनमें पानी न भरने पाए।
इसके साथ ही शहर की बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं में सुस्ती और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों वा ठेकेदार के खिलाफ महापौर ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में सीएम ग्रिड योजना के तहत सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जेई, एई और अधिशासी अभियंता की जवाबदेही तय की गई है और तीनों अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।