सभी लोगों से शांति व सद्भाव बनाये रखने की अपील, कहा यूपी चुनाव में दिखेगी पार्टी की ताकत
वाराणसी. अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद शिवपाल यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। बनारस के सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि सर्वोच्च अदालत ने जो निर्णय दिया है उसका सभी को पालन करना चाहिए। सभी लोग शांति सद्भाव को बनाये रखे।
यह भी पढ़े:-अयोध्या फैसले के बाद भी पुलिस बरत रही विशेष सतर्कता, अधिकारी कर रहे लगातार भ्रमण
शिवपाल यादव ने कहा कि इस मुद्दे का हल बातचीत से नहीं निकल पाया था इसलिए सुप्रीम कोर्ट को अपना निर्णय सुनाना पड़ा है। सभी में सद्भावना रहनी चाहिए और सभी वर्ग के लोगों को सहज रुप से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को स्वीकार करना चाहिए। यूपी की कानून व्यवस्था पर शिवपाल यादव ने कहा कि यहां की कानून व्यवस्था बहुत खराब है। बीजेपी सरकार ने जो वायदे किये थे उसे पूरा नहीं किया है। विकास का काम नहीं हो रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है और लोगों को रोजगार तक नहीं मिल रहा है। अधिकारी किसी की सुन नहीं रहे हैं इसके चलते कानून व्यवस्था खराब होती जा रही है। जनता सब देख रही है यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो जनता ही इसका जवाब देगी।
यह भी पढ़े:-अखिलेश यादव की रणनीति आयी काम, बसपा सुप्रीमो मायावती को उठाना पड़ा यह कदम
सपा में विलय के प्रश्र पर दिया यह जवाब
शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी यूपी चुनाव 2022 पूरी दमदारी से लड़ेगी। अखिलेश यादव की सपा में विलय के प्रश्र पर कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि सपा से गठबंधन हो जाये। यदि ऐसा नहीं होता है तो जहां पर सम्मान मिलेगा। वहा पर जाने की रणनीति पर विचार किया जायेगा। पारिवारिक विवाद के चलते छवि धूमिल होने के प्रश्र पर कहा कि हमारी पार्टी अलग है वह उनकी पार्टी दूसरी है। तीन माह पहले बनी हमारी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में कई प्रदेश में प्रत्याशी उतारे थे। अभी यूपी चुनाव में काफी समय है। मैं इस समय पूर्वांचल के दौरे पर निकला हूं। सभी जिला मुख्यालय पर खुद रह कर कार्यकर्ताओं से वार्ता कर रहा हूं। पार्टी में प्रत्याशी की कमी नहीं है। सपा से कितने सीट पर गठबंधन करना चाहते है के प्रश्र पर कहा कि यह समय बतायेगा। हमारी पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ सबसे अधिक आंदोलन किया है। जनता के हितों के लिए हमारा सरकार से संघर्ष जारी रहेगा। शिवपाल यादव ने कहा कि जब वह सरकार में थे तो सबसे अधिक विकास काशी में किया था। यहां पर गंगा में बने पुल उन्होंने ही बनवाये थे। वरूणा कॉरीडोर का भी काम शुरू किया था। शिवपाल यादव ने कहा कि अभी हमारे पास दो साल है और इसके पहले ही पार्टी को मजबूत कर लेंगे।
यह भी पढ़े:-इस दिन से बजेगी शहनाई, खरमास के पहले विवाह के हैं इतने मुहूर्त