
Sleeper Vande bharat Train: उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत की सौगात शनिवार को काशी वासियों को मिल जाएगी। यह ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलाई जाएगी और यह देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन है। वाराणसी से दिल्ली के लिए पहले से ही दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जाता है, लेकिन उनमें से एक भी स्लीपर नहीं थी। इसकी शुरुआत बनारस रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाकर करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हो सकते हैं।
वाराणसी से नई दिल्ली के लिए कई ट्रेनों का संचालन किया जाता है। अब तक वंदे भारत और शिवगंगा एक्सप्रेस प्रमुख ट्रेनों में गिनी जाती थी, लेकिन अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी इसमें शामिल हो गई है। शिव गंगा के मुकाबले इसका किराया अधिक होगा और यात्री आराम से सोते हुए दिल्ली का सफर पूरा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि सप्ताह में 6 दिन इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। हालांकि, अभी यह नियमित रूप से कब से चलाई जाएगी, इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रेलवे के अधिकारियों की मानें तो थर्ड एसी का किराया 1819 रुपये, जबकि सेकंड एसी का किराया 2349 होगा। वहीं फर्स्ट एसी का 2880 रुपए होगा। इस पर 5% जीएसटी भी लगेगा, इसके बाद यह क्रमशः 1910 रुपए, 2467 रुपए और 3024 हो जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 पर रवाना होगी और प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, गाजियाबाद होते हुए सुबह 6:10 पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 पर रवाना होगी। गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज होते हुए सुबह 7:10 पर वाराणसी पहुंचेगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह से वतानुकूलित है और इसमें 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें से 11 थर्ड एसी हैं, 4 सेकंड और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। इन 16 कोच में 1128 यात्रियों के सफर करने की व्यवस्था की गई है। इस ट्रेन की रफ्तार को 180 किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि अभी ट्रायल के रूप में इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जाना है। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में शावर की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही सभी कोच में सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए गए हैं। ऑटोमेटिक दरवाजे आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम भी इसमें लगाया गया है।