वाराणसी

गंगा में नहाते हुए काल के गाल में समा गया युवक, गाजीपुर से आया था काशी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन का था प्लान

गाजीपुर के रेवतीपुर के रहने वाले तुषार राय (21) की गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह 3 बजे भोर में ही तुलसी घाट पर पहुंचा था और गंगा नदी में स्नान करने लगा...
2 min read
May 19, 2026
Youth drowned in ganga river
Pc-patrika

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक गाजीपुर से काशी पहुंचा था और बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन से पहले वह गंगा नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर के रेवतीपुर के रहने वाले तुषार राय (21) की गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह 3 बजे भोर में ही तुलसी घाट पर पहुंचा था और गंगा नदी में स्नान करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गंगा नदी में नहाने के लिए और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगाई गई जेटी को वह पार करके गहरे पानी में चला गया। इस दौरान लोग उसे ऐसा करने से मना करते रहे, लेकिन तुषार ने किसी की नहीं सुनी। इसके बाद पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

जेटी को पार करके आगे निकल गया तुषार

तुषार के साथ आए लोगों ने बताया कि सुबह में गंगा स्नान करने के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन का प्लान था। इसी को लेकर सभी लोग तुलसी घाट पहुंचे थे और गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। वहीं, तुषार भी उनके साथ ही स्नान कर रहा था। धीरे-धीरे वह जेटी को पार करके आगे निकल गया। चुकी गर्मी की वजह से गंगा नदी में पानी कम है और बहाव भी काम है, इसलिए वह अत्यधिक अंदर तक चला गया और डूब गया।

एनडीआरएफ ने निकाला शव

लोगों ने बताया कि तुषार को डूबता देख उसके साथ आए लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। वहीं, घाट पर मौजूद लोगों ने इस बात की सूचना एनडीआरएफ को दी, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डूबे हुए युवक की तलाश करनी शुरू कर दी। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से तुषार के शव को नदी से बाहर निकाल लिया।

युवक के डूबने की सूचना के बाद भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया है कि डूबे हुए युवक के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है। युवक के परिजन गाजीपुर से वाराणसी के लिए निकल चुके हैं। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
19 May 2026 08:43 am
Published on:
19 May 2026 08:43 am
Also Read
View All