वाराणसी

बनारस कांग्रेस में बदलाव के लिए सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, राहुल गांधी को किया जा रहा ट्वीट

बताया जा रहा कि RG की टीम की है सर्वे रिपोर्ट।

3 min read
Feb 02, 2018
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

डॉ अजय कृष्ण चतुर्वेदी

वाराणसी. पहले गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी के अश्वमेध यज्ञ के घोड़ों को काफी हद तक रोकने फिर राजस्थान उपचुनाव में तीन संसदीय सीटों पर भारी जीत के बाद कांग्रेस और आम कांग्रेसजनों में काफी उत्साह आया है। अब आम कांग्रेसी भी पार्टी में आमूलचूल परिवर्तन की वकालत मुखर हो कर करने लगे हैं। इसके लिए अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरजेवाला को ट्वीट किया जा रहा है। इससे बनारस कांग्रेस भी अछूता नहीं है। हालांकि कहा यह जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में बनारस कांग्रेस को मजबूत करने के लिए खुद राहुल गांधी की टीम ने सर्वे किया है और उसी टीम ने पार्टी अध्यक्ष को सर्वे रिपोर्ट भेजी है।

बता दें कि बनारस की शहर व जिला कांग्रेस कमेटी 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले से कार्यरत है। अब 2014 से 2018 के बीच लोकसभा, विधानसभा, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत से लेकर नगर निगम, नगर पालिका परिषद और टाउन एरिया चुनाव हुए। अगर टाउन एरिया गंगापुर और आंशिक रूप से नगर निगम में मिली सफलता को को छोड़ दें तो शेष सभी चुनावों में कांग्रेस को करारी हार झेलनी पड़ी। लोकसभा चुनाव में पार्टी जमानत भी नहीं बचा सकी। विधानसभा चुनाव में एक सीट जो पार्टी के पास थी वह भी चली गई। भले ही वह सीट पीएम के संसदीय क्षेत्र से बाहर है। यहां यह भी बता दें कि चार सालों से आम कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार स्थानीय स्तर पर पार्टी में परिवर्तन की वकालत करता रहा है। यह दीगर है कि कुछ अपवादों को छोड़ कर असंतुष्ट खेमा कभी मुखर हो कर सामने नहीं आया। इसे स्थानीय कमेटियां और उनके पदाधिकारी अपनी जीत मानते रहे। हाल के दिनों में जब पार्टी में संगठनात्मक चुनाव हुए और शीर्ष स्तर पर राहुल गांधी को अध्य़क्ष चुन लिया गया तो फिर एक सुनगुनी तेज हुई कि स्थानीय स्तर पर भी नेतृत्व परिवर्तन होगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कहा गया कि निकाय चुनाव बाद परिवर्तन होंगे। लेकिन तभी एक सर्कुलर जारी हुआ उसे लेकर स्थानीय पदाधिकारियों ने यह मान लिया कि वो अपने पद पर बने रहेंगे तो असंतुष्ट खेमे ने यह तर्क दिया कि ऐसा नहीं अभी चुनाव परिणाम की घोषणा नहीं की गई है। जो भी हो लेकिन पदाधिकारी अपने पद पर कायम है।

इस दौरान कई ऐसे वाकये भी आए जब स्थानीय नेतृत्व को शीर्ष नेतृत्व के बड़े निर्णय के आगे झुकना पड़ा, शर्मशार होना पड़ा। लेकिन वो अपने पद पर कायम रहे। असंतुष्ट खेमे की बात करें तो इस दौरान कई ऐसे मौके आए जब पार्टी को सड़क पर उतरना चाहिए था, शक्ति प्रदर्शन करना चाहिए था, जश्न मनाना चाहिए था, लेकिन ऐसा होता दिखा नहीं। ऐसे में अब पार्टी कार्यकर्ता खुद को बेचैन महसूस करने लगे। उहापोह की स्थिति बनी रही। यह दीगर है कि कुछ नेता सोशल मीडिया पर तेजी से उभरे और पार्टीहित में विपक्ष से जूझते दिखने लगे। सत्ता पक्ष की हर खामियों को लेकर तंज कसने लगे। लेकिन यह प्रयास भी जिस स्तर पर होना चाहिए उतना दिख नहीं रहा। गुड मार्निंग और गुड नाइट तक के पोस्ट ही ज्यादा दिखाई देते हैं।

अब सूत्र बता रहे हैं कि शीर्ष नेतृत्व का पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने पर ज्यादा फोकस है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व ने गोपनीय तरीके से बनारस में सर्वे भी कराया है। वैसे ऐसा नहीं कि राहुल गांधी की टीम पहली बार कोई सर्वे करा रही हो पर 2019 लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की टीम का सर्वे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब अगर यह सर्वे हुआ है और जिस तरह से राहुल गांधी को ट्वीट किए जा रहे हैं उससे लगता है कि शीर्ष नेतृत्व स्थानीय स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन कर सकता है। वैसे कहा तो यह भी जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर भी स्थानीय कांग्रेस की कार्य प्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने एआईसीसी को जो 42 सदस्यीय प्रदेश कमेटी की सूची भेजी है उसमें बनारस से सिर्फ वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजेश मिश्र का ही नाम है। कहा यह भी जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष जल्द से जल्द बनारस कांग्रेस कमेटी में बदलाव करना चाहते हैं।

राहुल गांधी को जो ट्वीट एक फरवरी को राजस्थान उपचुनाव परिणाम आने के बाद किए गए हैं वो इस तरह से हैं...

''काशीः बनारस में कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सभी में आमूल चूल परिवर्तन की आवश्यकता, सभी पदों पर अनुभवहीन व अयोग्य व्यक्ति का कब्जा जिससे भाजपा को फायदा मिलता जा रहा है व्यापक जन असंतोष के बावजूदः ग्राउंड रिपोर्ट @Office0fRG@rssurjewala''

''भाजपा और मोदी से जी से लड़ना है तो उन्हें बनारस संसदीय क्षेत्र में घेरना जरूरी है और वर्तमान जिला शहर कांग्रेस नेतृत्व के पास अनुभव की कमी है जो आपने कार्य से कार्यकर्ताओं के बीच दूरियां बना रहे हैं और लोगों को पर्टी से दूर @INCIndia अध्यक्ष@OfficeOfRG इस पर ध्यान दे @rssurjewala''
ये दोनों ट्वीट #Next PM RG को एक फरवरी को किए गए हैं जिसके रिस्पांस में की रात 9.07 बजे तक 120 रीट्वीट और 258 लाइक, हासिल हुए हैं।

Published on:
02 Feb 2018 06:04 pm
Also Read
View All