यूपी में लगातार चल रही भयानक गर्मी का दौर अब कुछ ही घंटों में खत्म होने वाला है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में मानसून आने से पहले ही कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मानसून की भी तारीख बता दी गई है।
up monsoon: यूपी में मानसून आने से पहले ही पूरब और पश्चिम का मौसम पूरी तरह से बदल गया है। कई जिलों में बादलों का डेरा पड़ गया है, और शुक्रवार की देर रात कई जिलों में बरसात भी हुई है। प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी आदि जिलों में लगभग एक घंटे की बारिश ने काफी राहत दी है। इसके अलावा शनिवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रही। दोपहर बाद अचानक तेज हवाओं के साथ घने बादलों का पहरा लग गया। मौसम के देखकर साफ लग रहा था कि अब बरसात का इंतजार ज्यादा समय तक नहीं करना पड़ेगा।
वहीं मौसम विभाग द्वारा मानसून को लेकर भी तारीख बता दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 जून तक यूपी में मानसून का प्रवेश हो जाएगा और फिर इसके बाद बारिश ही बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून बिहार के रास्ते पहले यूपी के पूर्वांचल में प्रवेश करेगा। मानसून अपने साथ तेज आंधी और पानी दोनो लेकर आने वाला है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले चार दिनों बाद पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। बताया गया कि हवा ने अपना रुख बदला है। अभी तक पछुआ हवा का छोंका था, लेकिन अब पुरवा हवा चलने लगी है। पुरवा हवा के साथ मानसून भी धीरे धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा यूपी के लगभग 40 जिलों में मानसून आने के पहले ही अच्छी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।