UP Nikay Chunav : वाराणसी में मेयर पद की कड़ी टक्कर की हो गयी है। मेयर पद पर इस बार तीन सवर्ण प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में वोटिंग पर्सेंटेज क्या होगा यह कहना मुश्किल होगा। वाराणसी में 4 मई को मतदान होंगे।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के प्रथम चरण के नामांकन का शोर सोमवार को थम गया। वाराणसी में मेयर पद पर सोमवार को चार पार्टियों अधिकृत प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें भाजपा, सपा, बसपा और आम आदमी पार्टी शामिल है। कांग्रेस और अपना दल (क ) ने कल ही नामांकन किया था।
भाजपा प्रत्याशी ने किया नामांकन
भाजपा ने नामांकन के अंतिम दिन से महज कुछ घंटा पहले अपने मेयर पद के प्रत्याशी का एलान किया था। रविवार रात एलान के बाद मेयर प्रत्याशी अशोक तिवारी ने सोमवार को अपना नामांकन किया। शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी, कैंट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव नामांकन कक्ष में मौजूद रहे। इसके पहले समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
विकास ही हमारा एजेंडा
नामांकन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए अशोक तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडा विकास, विकास और सिर्फ विकास है। उसी को आगे लेकर चलेंगे। भाजपा काशी क्षेत्र मंत्री अशोक तिवारी ने सबसे पहले पार्टी हाईकमान का धन्यवाद दिया और कहा कि एक छोटे से कार्यकर्ता को बड़े चुनाव के लिए चुना गया। इसके लिए सभी को धन्यवाद।
कद्दावर नेताओं में होती है गिनती
भाजपा काशीक्षेत्र के मंत्री अशोक तिवारी को भाजपा का कद्दावर नेता मना जाता है। साल 2022 विधानसभा चुनाव में उन्हें शहर दक्षिणी सीट दावेदार मना जा रहा था, लेकिन संगठन ने एक बार फिर नीलकंठ तिवारी को टिकट दिया। उसी के बदले में यह टिकट देने के कयास लगाए जा रहे हैं।