
UP police news: सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को शून्य पर लाने के उद्देश्य से वाराणसी परिक्षेत्र पुलिस ने कमर कस ली है। शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित 'जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट' योजना के तहत परिक्षेत्र के तीन प्रमुख जिलों जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र की नियमित निगरानी में जनवरी 2026 से 15 नवंबर 2026 के बीच पुलिस और प्रशासन ने मिलकर यातायात सुधार व प्रवर्तन की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं।
डीआईजी वैभव कृष्ण के मुताबिक, राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर हादसों का सबब बनने वाले कुल 289 अनाधिकृत कट बंद कराए गए (जौनपुर में 150, चंदौली में 107 और गाजीपुर में 32)। वहीं, यातायात बाधित करने वाले कुल 308 स्थानों से अतिक्रमण हटवाया गया (जौनपुर 193, चंदौली 77, गाजीपुर 38)। पुलिस ने खतरनाक मोड़ों व जंक्शनों पर 83 साइनेज बोर्ड लगाए गए, 38 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई और जौनपुर में 4 ट्रक/बस ले-बाई का निर्माण कराया गया। वाराणसी परिक्षेत्र में 16 क्रिटिकल कॉरिडोर और 126 क्रैश लोकेशन चिन्हित कर 25 विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन टीमों ने सख्त रुख अपनाते हुए कुल 19,629 वाहनों के चालान किए और ₹1,90,00,200 (लगभग 1.90 करोड़ रुपये) का शमन शुल्क वसूल किया। इनमें गाजीपुर में 8,637 चालान (₹85,32,500 जुर्माना)। जौनपुर में 6,528 चालान (₹61,43,500 जुर्माना), जबकि चंदौली में 4,464 चालान (₹43,24,200 जुर्माना) किया गया है। वहीं, जांच में सामने आया कि अधिकतर हादसों की मुख्य वजह 'ओवर स्पीडिंग' (तेज रफ्तार) है, जिसे लेकर पुलिस विशेष अभियान चला रही है।
सड़क हादसों में घायल हुए कुल 563 लोगों में से 509 घायलों (करीब 90 प्रतिशत) को 108 एम्बुलेंस की मदद से त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकी। बेहतर तालमेल के लिए संबंधित विभागों के साथ 46 और जिला सड़क सुरक्षा समिति की 31 बैठकें भी आयोजित की गईं। पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी की भी मृत्यु पूरे परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। हमारा लक्ष्य हादसों में होने वाली मौतों को शून्य करना है, जो आम जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, तय गति सीमा में वाहन चलाएं, नशे या मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग न करें और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद के लिए तत्काल 108 या डायल 112 पर सूचना दें।