एसटीएफ ने चोलापुर थाना क्षेत्र से ₹50000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी है कि दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किए गए अभियुक्त ने दो लोगों के ऊपर फायरिंग की थी। इसी मामले में उसके इनाम घोषित हुआ था...
वाराणसी: यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़ागांव थाने में दर्ज मुकदमे में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश दीपक यादव ऊर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि चोलापुर थाना क्षेत्र के जमुनी गांव के पास से आरोपी को एसटीएफ ने पकड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, बड़ागांव थाने में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश दीपक यादव को एसटीएफ ने जमुनीपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को लंबे समय से दीपक की तलाश थी। एसटीएफ के मुताबिक, दीपक 2025 में दर्ज एक फायरिंग और हत्या के मामले में फरार चल रहा था और इसी मामले में उसके ऊपर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ ने बताया कि मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी इनाम घोषित होने के बाद आसपास के ही क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने एक टीम का गठन किया और मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने बताया कि दीपक एक शातिर और मनबढ़ किस्म का बदमाश है, जिसके खिलाफ मारपीट के भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ में बताया कि 25 दिसंबर 2025 को बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाइक का हैंडल टकराने को लेकर शुरू हुए झगड़े में आरोपी ने उसके साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर हमला किया था। इस दौरान रामबाबू नामक शख्स को गोली मारी गई थी, जबकि समीर सिंह नामक शख्स भी आरोपियों की गोली से घायल हुआ था।घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया था जहां समीर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
एसटीएफ ने बताया कि इस मामले का पुलिस ने अनावरण करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं,इसी मामले में दीपक यादव फरार चल रहा था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल, एसटीएफ ने गिरफ्तार किए गए आरोपी को बड़ागांव पुलिस को सौंप दिया है। वहीं, बड़ागांव पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।