
Varanasi Accident News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर में फ्लाईओवर पर उलटी दिशा से आ रही एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक सवार शख्स फ्लाईओवर से 25 फीट नीचे आ गिरा। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पूरे मामले की जानकारी आशापुर पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शख्स को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शख्स को मृत घोषित कर दिया। इधर दुर्घटना के बाद भाग रहे कार सवार ने जल्दबाजी में एक अन्य बाइक में भी टक्कर मार दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर के धरहरा के रहने वाले दवा कारोबारी प्रमोद कुमार (50) स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। जब वह आशापुर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उलटी दिशा से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रमोद फ्लाईओवर से सीधे नीचे जा गिरे। टक्कर मारने के बाद जल्दबाजी में कार सवार ने रोहनिया के उदयासनपुर के रहने वाले संतोष वर्मा के भी बाइक में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था।
घटना के बाद प्रमोद कुमार को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार की टक्कर से घायल हुए संतोष को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। उधर भाग रहे कार सवार को लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा और उसे सारनाथ पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार को जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि कार चालक की पहचान सारनाथ थानाक्षेत्र के मवईया निवासी डब्लू यादव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया है कि कार को सीज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में मारे गए शख्श के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।