
Varanasi News: वैसे तो आमतौर पर आपने पुरुषों को महिलाओं को छेड़ते सुना होगा, लेकिन वाराणसी का कैंट रेलवे स्टेशन एक ऐसा स्थान ह, जहां पुरुष सुरक्षित नहीं हैं और यहां महिलाएं पुरुषों के साथ छेड़छाड़ व अश्लील इशारे करती है। इसी कड़ी में थाना सिगरा की पुलिस ने ऐसे छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो आने-जाने वाले यात्रियों के साथ छेड़छाड़, विवाद और परेशान किया करती थी। पकड़ी गई महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, कई दिनों से यात्रियों से छेड़छाड़ और विवाद की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
सिगरा थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के पास पिलर नंबर 60 के पास कुछ महिलाएं आने जाने वाले राहगीरों को परेशान कर रही हैं और उन्हें अश्लील इशारे भी कर रही हैं। आरोप है कि महिलाएं विवाद भी कर रही थी, जिसके बाद मिशन शक्ति की टीम को मौके पर रवाना किया गया। वहीं, कैंट स्थित रोडवेज परिसर के पास भी इसी प्रकार की कुछ महिलाएं आपस में विवाद कर रही थी, जिन्हें समझने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं मानी। इसके बाद सभी को पकड़ कर सिगरा थाने लाया गया।
पुलिस ने बताया है कि सिगरा थाना ले जाने के बाद महिलाएं अपना नाम और सही पता नहीं बता रही थी, जिसके बाद उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई। इसमें चंदौली के मुगलसराय जनपद की एक महिला, चंदौली के सैयद राजा जनपद की एक महिला, रोहनिया थाना वाराणसी की एक महिला, एक महिला पश्चिम बंगाल की, एक बिहार के रोहतास जिले की और एक महिला आजमगढ़ की पाई गई है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि शांति व्यवस्था के दृष्टिगत सभी 6 महिलाओं को गिरफ्तार करके बीएनएस से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और उनके खिलाफ आवश्यक विधि कार्यवाही की जा रही है। थाना अध्यक्ष ने यात्रियों और लोगों से अपील की है कि यदि किसी प्रकार से यात्रियों के साथ अभद्रता की जाती है, तो तत्काल में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस अथवा स्थानीय थाने को दें। उन्होंने बताया है कि इस तरह की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।