
Varanasi Crime News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दवाओं के एक सौदागर को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति सहारनपुर के एक व्यक्ति के संपर्क में था और उससे दवाएं वाराणसी मंगवाता था, जबकि सहारनपुर वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से नकली दवाओं को कोरियर के माध्यम से सहारनपुर मंगवाता था। उसके बाद उसे वाराणसी के लिए रवाना कर दिया जाता था। दवाओं की खेप को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में सप्लाई किया जाता था। फिलहाल, एसटीएफ की टीम इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बताया कि 30 अक्टूबर को ड्रग विभाग की टीम ने जंसा थाना क्षेत्र के करौना गांव में बिना लाइसेंस के संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की गई। इसी क्रम में 2 नवंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में भी भारी संख्या में नकली दवाओं की खेप बरामद की गई थी, जिसके ऊपर ब्रांडेड दवाओं की लेबलिंग की हुई थी। जांच के दौरान निर्माता कंपनी ने बताया कि पकड़ी गई सभी दवाएं नकली हैं और उनका कंपनी से कोई लेना-देना नहीं है। इस संबंध में रोहनिया थाना में एक मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद ड्रग विभाग ने एसटीएफ से इस मामले में सहायता मांगी और नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री को ट्रेस करने के लिए अनुरोध किया, जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने थाना चितईपुर के कर्दमेश्वर पुरम कॉलोनी से सोनभद्र के रहने वाले अभिषेक सिंह उर्फ बजरंगी सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर के रहने वाले एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था और वह व्यक्ति सोलन और बद्दी के प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से कूट रचित स्ट्रिप तैयार करवा कर उसमें नकली दबाव की मशीन से पैकिंग करवाता था।
आरोपी ने कबूल किया है कि यह माल बद्दी से करियर के माध्यम से वाराणसी के लहरतारा स्थित कूरियर कार्यालय पर मनाया जाता था और उसके साथी सुरेंद्रनाथ मिश्रा के आवास पर तथा रोडवेज बस अड्डे पर एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखवाया जाता था। यहां से नकली दवा वाराणसी के मेडिकल स्टोर पर और बसों के माध्यम से बिहार के मोहनिया, भभुआ, सासाराम जैसे अन्य जिलों में मेडिकल स्टोर पर भेज कर बेच दी जाती थी। गिरोह के सदस्य ज़नगी ऐप पर फर्जी नामों से बने खातों से बातचीत किया करते थे और भुगतान नगद व बैंक खातों के माध्यम से किया करते थे। फिलहाल, एसटीएफ इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।