
Varanasi Dev Dipawali: वाराणसी में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 24 नवंबर को इस कार्यक्रम का आयोजन होगा और इसके लिए जिला प्रशासन ने मुकम्मल व्यवस्था कर ली है। घाटों पर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए एक किलोमीटर के अंदर के दायरे में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पहली बार गंगा नदी में तैरता हुआ थाना बनाया जाएगा। वहीं, इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्रस्ताव भेजा गया है। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सीएम योगी भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं, अनधिकृत रूप से ड्रोन उड़ाने वालों पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन की अंतिम रूपरेखा खींच दी गई है। उन्होंने बताया कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। लखनऊ से सहमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं और फिर शाम को देव दीपावली का भी आनंद उठाते हैं। इसके मध्य नजर सभी 84 घाटों को 11 लाख से अधिक दियों से जगमग किया जाएगा। इसके साथ ही गंगा नदी के उस पार के इलाके में भी इसकी व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि आतिशबाजी और लेजर शो के अलावा पहली बार इसमें ड्रोन शो को भी शामिल किया गया है। चेत सिंह घाट के पास ही इस ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विश्वनाथ धाम के ठीक सामने गंगा नदी के उस पार रेत पर ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह तीनों ही कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बनेंगे और यहां आने वाले लोगों को इसका आनंद मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष लेजर शो और आतिशबाजी का कार्यक्रम कराया जाता रहा है, लेकिन इस बार विशेष तौर पर इसमें ड्रोन शो को भी शामिल कर लिया गया है। यह एक नई चीज है जो वाराणसी में पहली बार आयोजित होगी और लोगों की इसको लेकर उम्मीदें भी काफी ज्यादा है।
वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस बार इस भव्य आयोजन को सकुशल संपन्न बनाने के लिए जल में तैरता हुआ एक थाना बनाया जाएगा और पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की उस थाने में तैनाती की जाएगी। इसके अलावा रेस्क्यू के मद्देनजर सभी जरूरी चीज उस थाने में मौजूद रहेगी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व इस तरह की चौकी घाटों पर बनाई जाती थी, लेकिन गंगा नदी में इसे विशेष तौर पर इंप्लीमेंट किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की इमरजेंसी होने के दौरान पुलिसकर्मी और गोताखोर आसानी से विक्टिम के पास पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि इस थाने में 24 घंटा चार टीमों की तैनाती की जाएगी और इसे केवल देव दीपावली के लिए ही नहीं, बल्कि आगे भी होने वाले आयोजनों के लिए क्रियाशील किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरे आयोजन को संपन्न करने के लिए 25 आईपीएस 50 पीपीएस और करीब 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों को ज्यादा न चलना पड़े इसका भी ख्याल रखा गया है और 500 मीटर से 1 किलोमीटर की दूरी पर पार्किंग स्थल बनाए गए है। वहीं, नदी में फ्लोटिंग बैरियर लगाए गए हैं ताकि नाव के संचालन में किसी तरह की दिक्कत ना हो। उन्होंने बताया कि अनधिकृत रूप से ड्रोन उड़ने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी और उनके ड्रोन को जब्त कर लिया जाएगा।