वाराणसी

बंगाल के ऑटो चालक का वाराणसी में एनकाउंटर, छात्रा से की थी छेड़छाड़, लंगड़ाते हुए पहुंचा अस्पताल

Varanasi News: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक मनचले के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ की इस घटना में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया...
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 8:36 AM IST
Crime News
क्राइम न्यूज (प्रतीकात्मक फोटो)

Varanasi Encounter News: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक मनचले के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ की इस घटना में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोप है कि पकड़े गए आरोपी ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा से छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वहीं, मेडिकल के लिए ले जाने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों की पिस्टल छीनकर उन पर तान दी, जिसके बाद मुठभेड़ के दौरान वह घायल हो गया। पकड़ा गया आरोपी ऑटो चालक है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है।

क्या है पूरी घटना

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम काशी विद्यापीठ की छात्रा से बीएचयू कैंपस में छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है और ऑटो चलाता है। वर्तमान में वह मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र में रह रहा था। उन्होंने बताया कि छात्रा ने पुलिस को तहरीर दी थी कि वह बीएचयू के लॉ फैकल्टी के सामने से गुजर रही थी, इस दौरान ऑटो सवार आरोपी मोइनुद्दीन वहां से गुजरा और उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया और उसके प्राइवेट पार्ट्स पर भी हाथ लगाया।

इसी दौरान छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों और बीएचयू के सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। एसीपी ने बताया कि ऑटो चालक ने गिरफ्तारी के बाद अपना अर्जुन कबूल कर लिया। इस दौरान पुलिस मेडिकल के लिए उसे अपने साथ लेकर अस्पताल जा रही थी। तभी उसने फैंटम दस्ते पर सवार पुलिसकर्मी की पिस्तौल निकाल कर पुलिस पर ही तान दी, जिसके बाद पुलिस ने बार-बार उसे पिस्टल नीचे करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना।

पुलिस पर झोंका फायर

बार-बार सरेंडर करने के लिए कहे जाने के बाद भी जब आरोपी ने आत्मसमर्पण नहीं किया और भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपी को घायल अवस्था में इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एसीपी के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
17 Nov 2026, 8:36 AM IST
Published on: