
Varanasi latest News: वाराणसी में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निरीक्षण को लेकर आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला वाराणसी पहुंचे हैं। गंजारी में बन रहे इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की तैयारियां अंतिम दौर में है। इस दौरान स्टेडियम में किए गए व्यापक व्यवस्थाओं को लेकर दोनों वाराणसी पहुंचे। उनके साथ स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे गौरतलब है कि इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की सौगात काशी वासियों को दिसंबर में मिलने की संभावना है। इसी के मद्देनजर इसकी तैयारी की अंतिम रूपरेखा की समीक्षा की जा रही है।
बुधवार की शाम 6 बजे आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई के अध्यक्ष राजीव शुक्ला वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान उनके स्वागत में वाराणसी के स्थानीय अधिकारी भी मौजूद थे। दोनों एयरपोर्ट से निकलकर सीधे गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेडियम की जमीनी हकीकत को देखा। इस दौरान पूरा स्टेडियम दूधिया रोशनी में नहाया हुआ था। शाह ने परिसर के कई प्रमुख हिस्सों का भ्रमण किया और आगामी आयोजन की तैयारी की बारीकी को भी समझा। इस दौरान स्टेडियम के निर्माण में लगे लोगों से उन्होंने बातचीत भी की।
बताया जा रहा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में देश को एक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी, जबकि वाराणसी का यह पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। इस स्टेडियम का लगभग 98% कार्य पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि जय शाह इसका उद्घाटन करेंगे। हालांकि, बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा भी इसी माह के अंत में प्रस्तावित है। उम्मीद जताई जा रही है कि उस दौरान इस स्टेडियम की सौगात काशीवासी और पूर्वांचल के लोगों को मिल सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम विशेष रूप से तैयार किया गया है। करीब 100 मिली मीटर तक की बारिश में भी इसका पानी सिर्फ 25 मिनट में ही ड्रेनेज सिस्टम के माध्यम से निकल जाएगा। वहीं, इसे तैयार करने में 450 करोड रुपए की लागत आई है, जिसमें से 120 करोड रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च हुआ है। फिलहाल मैदान की क्षमता करीब 30 हजार लोगों की है। हालांकि, इसे बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि यह स्टेडियम भगवान शिव की थीम पर तैयार किया गया है। त्रिशूल आकर के फ्लड लाइट हैं और प्रत्येक टावर की ऊंचाई 65 मीटर है। इस स्टेडियम को डमरू के डिजाइन में बनाया गया है, जो काशी की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेगा।