
Jobs In Varanasi: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 3, 5, 13 और 14 नवंबर को वाराणसी में आयोजित चार वृहद रोजगार मेलों के माध्यम से कुल 4,003 अभ्यर्थियों को नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं। इन मेलों में 311 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि रोजगार पाने की उम्मीद लेकर 11,662 अभ्यर्थी शामिल हुए। खास बात यह रही कि चयनित युवाओं को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना पैकेज तक का ऑफर मिला है। वहीं, 333 महिलाएं भी रोजगार प्राप्त कट आत्मनिर्भरता के अगले पड़ाव पर पहुंच रही हैं।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से इन मेलों का आयोजन किया गया था। चारों मेलों में बड़ी संख्या में कंपनियों और अभ्यर्थियों की भागीदारी रही। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिला है। चौथे वृहद रोजगार मेले का आयोजन शनिवार को चोलापुर के आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज में किया गया। मेले का उद्घाटन अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने किया। इस रोजगार मेले में वोडाफोन, आईसीआईसीआई बैंक, डिक्सन, मदरसन, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, ब्लिंकिट, सिपेट, एक्सिस बैंक, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और फ्लिपकार्ट सहित कुल 43 कंपनियों ने हिस्सा लिया।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 13 और 14 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले के दूसरे दिन शनिवार को कुल 1,896 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 456 युवाओं को विभिन्न कंपनियों की ओर से नौकरी के प्रस्ताव दिए गए। तीन युवाओं को अधिकतम 35,000 रुपये प्रतिमाह वेतन का ऑफर मिला, जो सालाना करीब 4.20 लाख रुपये होता है। रोजगार के इन अवसरों से युवाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
वहीं, रोजगार पाने वाले अभिषेक ने बताया कि उन्होंने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है और रोजगार मेले के लिए उन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया था। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं है और उन्हें नौकरी मिलने से उनके परिवार को काफी मदद मिलेगी। रोजगार पाने वाली पूजा ने बताया कि वह एक महिला हैं और चाहती थी कि वह आत्मनिर्भर बनें। रोजगार मेले के माध्यम से उन्हें जीविकोपार्जन का एक साधन मिला है और वह अब पैसे के लिए किसी की मोहताज नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि अपनी मेहनत से कमाए गए पैसे को अपने सुख सुविधा और सपनों को पंख देने के लिए खर्च करेंगी।