
Varanasi Nagar Nigam Initiative: काशी में 24 नवंबर को आयोजित विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर 11 लाख नहीं बल्कि 21 लाख दीये जलाए गए थे। इसका प्रमाण स्वयं नगर निगम ने दिया है। नगर निगम के कर्मचारियों ने 11 लाख नहीं बल्कि घाटों पर सजाए गए 21 लाख दीयों को घाटों से अब हटा दिया है। आयोजन के अगले ही दिन बुधवार को काशी के घाटों पर फिर से स्वच्छता और व्यवस्था की तस्वीर दिखी। नगर निगम की टीम ने रातोरात अभियान चलाकर शहर के 84 घाटों से जले हुए करीब 21 लाख मिट्टी के दीयों को हटवा दिया। इन दीयों का कुल वजन करीब 42 टन से 52.5 टन के बीच आंका गया है। धार्मिक आस्था और पवित्रता का पूरा सम्मान रखते हुए इन दीयों को रमना स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट भेजा गया है, ताकि इनका सुरक्षित व सम्मानजनक निस्तारण हो सके।
घाटों से दीयों और अन्य अवशेषों को हटाने के लिए निगम ने बड़े स्तर पर संसाधन और मानवबल झोंका। पूरे अभियान में 250 से अधिक सफाई कर्मियों को लगाया गया, जिन्होंने रात भर लगातार काम कर घाटों की सीढ़ियों और किनारों से दीयों को एकत्र किया। दीयों के उठान और परिवहन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि धार्मिक कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की मर्यादा बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
गैरतलब है कि रमना में कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट संचालित है, जिसकी प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन क्षमता है। चूंकि दीये पूरी तरह से प्राकृतिक मिट्टी से बने होते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े रहे हैं, इसलिए इनके निस्तारण को लेकर संवेदनशीलता बरती जा रही है। मिट्टी से बने होने के कारण ये दीये प्राकृतिक रूप से पुनः मिट्टी में मिलने की प्रक्रिया के अनुरूप हैं, जिससे पर्यावरण को भी किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचता।
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर घाटों पर लाखों दीये प्रज्वलित किए गए थे। उत्सव के बाद श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 250 से अधिक सफाई कर्मियों की टीम ने रातोरात अभियान चलाकर 84 घाटों से दीये हटवाने का कार्य पूरा किया। उन्होंने कहा कि एकत्र किए गए दीयों को पूरी पवित्रता के साथ रमना स्थित प्लांट में भेजा गया है, जहां इनका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। सुबह तक घाटों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई, जिससे आमजन व पर्यटकों को स्वच्छ व सुंदर घाटों का दृश्य मिला।