वाराणसी

वाराणसी में मारा गया मोस्ट वांटेड नक्सली, 30 लाख का था इनाम, ATS के साथ हुई मुठभेड़

ATS Encounter in Varanasi: वाराणसी में मुठभेड़ के दौरान यूपी एटीएस की टीम ने नक्सली बृजेश गंजू उर्फ़ गोपाल सिंह को ढेर कर दिया है...
2 min read
Sep 20, 2026
Varanasi latest news

Rewarded Naxal Dead in an Encounter: यूपी एटीएस की टीम के साथ 30 लाख रुपए के इनामी कुख्यात नक्सली की मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान यूपी एटीएस की टीम ने नक्सली बृजेश गंजू उर्फ़ गोपाल सिंह को ढेर कर दिया है। रविवार की सुबह वाराणसी के रामनगर इलाके के टेंगरा मोड़ के पास मुठभेड़ के दौरान वह मारा गया है। बृजेश गंजू के ऊपर झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था, जबकि एनआईए की वांटेड लिस्ट में भी वह शामिल था और उसके ऊपर एनआईए ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। बृजेश गंजू के मारे जाने की जानकारी एटीएस की टीम ने झारखंड सरकार को दे दी है।

एटीएस के हेड कांस्टेबल बाल बाल बचे

जानकारी के मुताबिक, एटीएस की टीम को सूचना मिली कि बृजेश गंजू वाराणसी के रामनगर इलाके मैं मौजूद है और टेंगरा मोड़ इलाके से बाइक पर सवार होकर कहीं जाने वाला है, जिसके बाद एटीएस की टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान बृजेश बाइक पर सवार होकर आता दिखाई दिया, जिसके बाद एटीएस ने उसे रूकने का इशारा किया। आरोप है कि बृजेश ने एटीएस की टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय ने बताया कि एटीएस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बृजेश को गोली लग गई और वह गिर पड़ा।

उन्होंने बताया है कि बृजेश की तरफ से की गई फायरिंग के दौरान हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण को भी गोली लगी। हालांकि बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से वह बाल बाल बच गए। वहीं, घायल बृजेश को एटीएस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि बृजेश लंबे समय से वांटेड की लिस्ट में शामिल था और उसकी तलाश झारखंड पुलिस और एनआईए की टीम कर रही थी। आरोप है कि वह नक्सल से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था।

संरक्षण देने वाले की तलाश शुरू

वहीं, एटीएस ने बृजेश के मारे जाने की जानकारी एनआईए और झारखंड सरकार को दे दी है। एटीएस अब उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों की जांच में जुटी हुई है। हालांकि इस बात की जानकारी नहीं हो पाई है कि वह वाराणसी में कब से रुका हुआ था और किन लोगों ने उसे संरक्षण दिया था। यूपी एटीएस की टीम गहनता से इस मामले में जांच में जुट गई है। फिलहाल मारे गए नक्सली के शव को भारी पुलिस बल की निगरानी में मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

Updated on:
20 Sept 2026 07:47 am
Published on:
20 Sept 2026 07:47 am