
Varanasi news: काशी की मिट्टी और ग्रामीण महिलाओं के हुनर से तैयार तीन लाख दीये इस बार देव दीपावली पर गंगा के घाटों को रोशन करेंगे। इन दीयों की लौ केवल घाटों की भव्यता ही नहीं बढ़ाएगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण की नई कहानी भी लिखेगी। प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों का असर अब काशी की देव दीपावली में भी दिखाई दे रहा है। कभी घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब अपने हुनर और मेहनत से विश्वप्रसिद्ध आयोजन को खास बनाने में योगदान दे रही हैं। इस काम से उन्हें करीब 4.65 लाख रुपये की आमदनी होगी, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहयोग कर सकेंगी।
उपायुक्त स्वतः रोजगार पवन कुमार सिंह ने बताया कि इस बार देव दीपावली पर काशी के घाटों को जगमगाने वाले करीब तीन लाख दीये स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तैयार कर रही हैं। वाराणसी के आठ विकास खंडों के 82 स्वयं सहायता समूहों की 260 महिलाएं इस काम में जुटी हैं। दीयों के निर्माण से उन्हें लगभग 4.65 लाख रुपये की आमदनी होगी। इस तरह जिन दीयों से गंगा के घाट रोशन होंगे, उन्हीं की कमाई से इन महिलाओं के घरों में भी खुशहाली की रोशनी पहुंचेगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं अब पारंपरिक मिट्टी के दीये तैयार कर अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं। देव दीपावली के लिए तीन लाख दीयों का निर्माण उनके लिए आय का बड़ा अवसर बना है। इससे उन्हें अपनी मेहनत का आर्थिक लाभ मिलने के साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। जिला मिशन प्रबंधक विक्रम सिंह के अनुसार, आठ विकास खंडों में चिरईगांव की महिलाएं सबसे अधिक दीयों का निर्माण कर रही हैं। यहां 13 स्वयं सहायता समूहों की 61 महिलाएं मिलकर 1.40 लाख दीये तैयार कर रही हैं। वहीं, अन्य विकास खंडों में भी समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में दीये बनाने में जुटी हैं।
काशी की देव दीपावली को बीते कुछ वर्षों में भव्य और व्यापक स्वरूप मिला है। आयोजन की बढ़ती पहचान के साथ स्थानीय लोगों और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हुए हैं। इस बार घाटों पर सरकार की ओर से 11 लाख दीये जलाए जाएंगे, जबकि जनसहभागिता से लाखों अन्य दीयों के माध्यम से घाटों, कुंडों और सरोवरों को रोशन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में ग्रामीण महिलाओं के हाथों से तैयार दीये भी अपनी चमक बिखेरेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए मिला यह अवसर महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत कर रहा है। इस बार देव दीपावली पर दीयों की रोशनी केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के घर-आंगन में भी आर्थिक खुशहाली का उजाला फैलाएगी।
स्वयं सहायता समूह की सदस्य आरती ने बताया कि जब से योगी सरकार ने देव दीपावली को भव्य और व्यापक स्वरूप दिया है, तब से उनके जैसी महिलाओं के लिए यह अच्छी आमदनी का अवसर बन गया है। देव दीपावली से होने वाली अतिरिक्त कमाई से वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को पूरा कर पाती हैं। उनके लिए यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि रोजगार और खुशहाली का माध्यम भी बन गया है।