
Varanasi News: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के एक स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई, जिसके बाद उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा कक्षा 7 में पढ़ती थी और उसकी उम्र 12 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक, वह मूल रूप से बिहार के सिवान जिले की रहने वाली है। लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट इलाके में स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में छात्रा रहकर पढ़ाई करती थी। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में मृतक छात्रा के शव को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, उसके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। गुरुवार के दोपहर अचानक हुई इस घटना से हॉस्टल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, स्नेहा नामक 12 वर्षीय छात्रा बोर्डिंग स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने बताया है कि वह कक्षा 7वीं में थी। गुरुवार की दोपहर वह हॉस्टल की चौथी मंजिल पर गई थी। इसीलिए दौरान वह अचानक नीचे गिर पड़ी। अचनाक हुई इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। हॉस्टल स्टॉफ ने पूरे मामले की जानकारी वार्डन को दी जिसके बाद मौके पर पहुंचे वार्डन ने खून से लथपथ छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि हॉस्टल के वार्डन ने फोन के जरिए लंका पुलिस को घटना के बारे में अवगत कराया था, जिसके बाद लंका थाना अध्यक्ष राजकुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्ची के परिजन बिहार में रहते हैं और उन्हें इस बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची किन परिस्थितियों में हॉस्टल की छत से गिरी है, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
एसीपी ने बताया कि बच्ची अचानक ही हॉस्टल की चौथी मंजिल पर पहुंच गई थी और वहां से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। इस पूरे मामले में विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। परिजनों के बिहार से आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस विभिन्न पहलुओं से इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की जा रही है।