चुनावी माहौल में वाराणसी से नाविकों ने मुख्यमंत्री योगी को लेकर अहम बात कही है। काशी के नाविकों का कहना है कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार के आने के बाद से पिछले कुछ सालों में उनकी आय में 10 गुना इजाफा हुआ है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण का चुनाव प्रचार थम चुका है। गुरुवार तीन मार्च को पूर्वी यूपी के 10 जिलों की 57 सीटों के लिए मतदान होना है। इसके बाद सात मार्च को सातवें व अंतिम चरण का मतदान होगा। इसी चरण में प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी चुनाव है। चुनावी माहौल में वाराणसी से नाविकों ने मुख्यमंत्री योगी को लेकर अहम बात कही है। काशी के नाविकों का कहना है कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार के आने के बाद से पिछले कुछ सालों में उनकी आय में 10 गुना इजाफा हुआ है। सभी नावों में सीएनजी लगी है जिससे कि यहां के नाविक खुश हैं। पिछले कुछ सालों में उनके यात्री बढ़े हैं और आय भी काफी अच्छी हुई है। पहले से ज्यादा यात्रियों के आने का एक अन्य कारण वाराणसी के सभी घाटों की नियमित सफाई और मंदिरों के जीर्णोद्धार भी है।
बता दें कि बीते साल भारत सरकार की तरफ से गेल इंडिया के सहयोग से नावों को सीएनजी में बदल दिया गया था। करीब 100 नावों को इस बदलाव के लिए चिन्हित किया गया था। नावों में सीएनजी लगने वाले 12 किलोग्राम के टैंक वाले इंजन से करीब 100 किलोमीटर का सफर आसानी से तय किया जा रहा है। वाराणसी के सभी घाटों पर मौजूद नावों में सीएनजी लगी है।
बढ़ गई नाव और पर्यटकों की संख्या
वाराणसी में पिछले कुछ वर्षों में नाव और पर्यटक दोनों की संख्या बढ़ी है। एक नाविक सोनू निषाद ने बताया कि उसके पूर्वज अस्सी घाट पर नाव चलाते थे।पहले गुजारा करना मुश्किल हो जाता था लेकिन अब पिछले कुछ सालों में आय में इजाफा हुआ है। लगभग 10 गुना आय बढ़ गई है। वहीं, वाराणसी के घाटों की सफाई नियमित तौर पर की जाती है। मंदिरों के जीर्णोद्धार से वाराणसी में इन दिनों पर्यटकों का आवागमन भी बढ़ गया है। एक अन्य नाविक चंदन साहनी ने कहा कि यूपी और केंद्र में बीजेपी की सरकार आने पर वाराणसी में काफी बदलाव आया है। अब प्रत्येक व्यक्ति के पास नावों की संख्या दो से बढ़कर चार हो गई है। सीएनजी लगने से भी लाभ हुआ है जिससे कि आय बढ़ाने में भी सफलता मिली है।
वाराणसी में 7 मार्च पर मतदान
वाराणसी में सातवें व अंतिम चरण में मतदान होगा। इससे पहले अपने संसदीय क्षेत्र में चुनावी माहौल बनाने के लिए चार मार्च को पीएम मोदी बनारस आ रहे हैं। यूपी के आखिरी चुनावी चरण में वाराणसी जिले की आठ विधानसभा सीटों पर मतदान होना है जिसके लिए वाराणसी से पूर्वांचल के प्रचार अभियान को बीजेपी ने तेज कर दिया है। विपक्ष के खिलाफ मजबूत घेराबंदी के लिए बीजेपी के बड़े नेता काशी पहुंच रहे हैं।