संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के पास नहीं होने पर वाराणसी की महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। यहां महिलाओं ने विपक्ष के नेताओं के खिलाफ बेनकाब मार्च निकाला है।
वाराणसी: संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधायक के पास नहीं होने पर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सैकड़ों महिलाओं ने विपक्ष के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया है। इस दौरान महिलाओं ने विपक्ष के नेताओं के पोस्टर भी जलाए हैं और अब किचन से हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के पास नहीं होने पर वाराणसी की महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। यहां महिलाओं ने विपक्ष के नेताओं के खिलाफ बेनकाब मार्च निकाला है। इस दौरान महिलाओं के हाथ में पोस्टर दिखे जिसमें लिखा था, "महिला आरक्षण नहीं मिलेगा तो रोटी पानी बंद होगा।"
आक्रोशित महिलाओं ने यहां तक कह डाला कि यदि उनके पति विपक्षी पार्टियों से संबंध रखेंगे तो उनका रोटी पानी बंद कर दिया जाएगा और किचन में हड़ताल शुरू किया जाएगा। इस दौरान महिलाओं ने अपने पतियों को चेताया है कि किसी भी विपक्ष के नेता को घर में लेकर आने पर चाय पानी भी बंद कर दिया जाएगा। महिलाओं का आरोप है कि जिस पार्टी के लोग महिला विरोधी हैं, उनसे किस बात का संबंध रखना।
इस दौरान आक्रोषित महिलाओं ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई नेताओं के पोस्टर भी जलाए हैं। महिला परिषद के बैनर तले महिलाओं ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश दिखाया। इस दौरान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की इतिहास की प्रोफेसर डॉक्टर मृदुला जायसवाल ने कहा कि एक तरफ जहां संसद में महिलाओं के बिल के खिलाफ वोटिंग की जा रही थी, वहीं कुछ नेता हंस रहे थे और महिलाओं का अपमान कर रहे थे।
महिला परिषद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नजमा परवीन ने कहा कि इस बिल का जिन लोगों ने विरोध किया है वह नहीं चाहते थे कि एक साधारण घर की महिला संसद पहुंचे या विधानसभा में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करे। उन्होंने बताया कि विपक्ष के लोग महिलाओं को अपना गुलाम बनाकर रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका गांधी सांसद बन सकती हैं, अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल सांसद बन सकती हैं, तो आम महिलाएं पढ़ी-लिखी और उनसे ज्यादा काबिल होने के बाद भी अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व क्यों नहीं कर सकती।