विदिशा

संबल योजना में 900 हितग्राहियों की तलाश, 19 हजार हुए पात्रता से बाहर

एक वर्ष पूर्व भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना की शुरुआत हुई थी...

2 min read
Nov 20, 2019
Buscar 900 beneficiarios bajo Sambal Yojana

विदिशा. मुख्यमंत्री संबल योजना (नया सवेरा) के हितग्राहियों में 900 हितग्राहियों की तलाश नपा के अमले द्वारा की जा रही वहीं सत्यापन के बाद इस योजना में 19 हजार हितग्राही पात्रता से बाहर हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार एक वर्ष पूर्व भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना की शुरुआत हुई थी। इसका लाभ देने के लिए कई आयोजन कर अधिक से अधिक गरीब लोगों को जोड़कर उन्हें योजना का लाभ दिए जाने के प्रयास किए गए थे। इससे शहर में हजारों की संख्या में लोग इस योजना से जुड़े। योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में अपात्र लोग भी इस योजना से जुड़ गए।

कांगे्रस सरकार आने के बाद अब इस योजना के हितग्राहियों के सत्यापन का कार्य शुरू कराया गया जिसमें अपात्रों को हटाया जा रहा है। नगर पालिका कर्मचारियों के मुताबिक इस योजना में विभिन्न लाभों को ध्यान में रखते हुए योजना से बड़ी संख्या में लोग जुड़ते चले गए और पंजीकृत हितग्राहियों की संख्या 31 हजार 650 है।

इनमें अब तक 30 हजार 728 हितग्राहियों का सत्यापन कार्य किया जा चुका। इसमें 19 हजार 936 हितग्राही अपात्र होना सामने आया है। इसके अलावा भवन एवं कर्मकार मंडल के हितग्राहियों के सत्यापन का भी कार्य किया जा रहा है।


सत्यापन का कार्य अंतिम चरणों
नपा से मिली जानकारी के अनुसार अक्टूबर माह से यह कार्य हर वार्ड में सतत सतत रूप से किया जा रहा है। सत्यापन का कार्य अंतिम चरणों में है। इस कार्य मेंं अभी 900 हितग्राही नहीं मिल पा रहे। नपा कर्मचारियों के मुताबिक शहर से अन्य कहीं मजदूरी पर चले जाने, किसी का निधन होने या अन्य गांव से आकर यहां रहने के बाद कहीं और रहने जैसी स्थितियों के रहते यह हितग्राही नहीं मिल पा रहे हैं।

यह है योजना में लाभ
इस योजना में राज्य सरकार द्वारा मातृत्व सुविधा, कौशल विकास कार्यक्रम, शिक्षा प्रोत्साहन, बिजली बिल माफी, अनुग्रह सहायता, अंत्येष्टि सहायता, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उन्नत व्यवसाय हेतु उपकरण, सामान्य मौत, दुर्घटना, स्थायी अपंगता आदि के लिए आर्थिक मदद दिया जाना शामिल है। गरीब परिवार इस योजना के पात्र हितग्राही थे, लेकिन योजना में अपात्रों के भी शामिल होने से सत्यापन कार्य किया जा रहा है।


सत्यापन का कार्य अंतिम चरणों में है। शहर में इस योजना के 900 हितग्राही नहीं मिल पाए। इन्हें तलाशा जा रहा है। भवन एवं कर्मकार मंडल के हितग्राहियों का भी सत्यापन कार्य चल रहा है।
- पंकज रघुवंशी, प्रभारी, योजना शाखा, नपा

Published on:
20 Nov 2019 02:05 pm
Also Read
View All