
IAS Anil Kumar Damor : मध्यप्रदेश के एक आइएएस का असामयिक निधन हो गया। विदिशा के एडीएम रहे अनिल कुमार डामोर ने मंगलवार सुबह अंतिम सांसें लीं। वे अचानक अपने घर के बाथरूम में गिर पड़े थे। आइएएस अनिल कुमार डामोर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खास बात यह है कि आइएएस अनिल कुमार डामोर 31 अगस्त को ही विदिशा से रिलीव हुए थे। भोपाल तबादला हो जाने से वे यहां अपना सामान लेने आए थे। आइएएस अनिल डामोर ने 8 दिन बाद विदिशा आकर ही दम तोड़ दिया। उनके निधन से प्रशासनिक गलियारों में शोक व्याप्त हो गया है। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने उनके निधन पर दुख जताया है। मंत्री लखन पटेल ने भी आइएएस अनिल डामोर के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया।
पूर्व एडीएम अनिल डामोर विदिशा स्थित सरकारी आवास में थे। सुबह उनकी तबियत अचानक खराब हो गई। अनिल कुमार डामोर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं। हृदय गति रूकने से उनका निधन हो गया।
वर्ष 2019 बैच के अधिकारी अनिल कुमार डामोर मूल रूप से मध्यप्रदेश के झाबुआ के निवासी थे। वे करीब साढ़े तीन साल तक विदिशा में पदस्थ रहे। अनिल कुमार डामोर यहां अपर कलेक्टर के रूप में कार्यरत रहे। करीब 1 साल पहले ही उन्हें आईएएस अवार्ड हुआ था। इसके बाद भी अनिल कुमार डोमार विदिशा में ही तैनात रहे। कुछ समय पूर्व ही उनका ट्रांसफर हुआ।
अनिल कुमार डामोर का विदिशा से भोपाल तबादला किया गया था। उन्हें ग्रामीण विकास विभाग में अपर सचिव के रूप में पदस्थापित किया गया था।
अनिल डामोर के देहांत की खबर से प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है। विदिशा मेडिकल कॉलेज में उनके पार्थिव शरीर को रखा गया है। अनिल कुमार डामोर के निधन की सूचना तुरंत उनके परिजनों को दी गई। परिवार के कुछ सदस्य झाबुआ से विदिशा के लिए रवाना भी हो चुके हैं। उनके आने के बाद अनिल कुमार डामोर के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद उनका शव झाबुआ ले जाया जाएगा। जानकारी के अनुसार अनिल कुमार डामोर का वहीं अंतिम संस्कार होगा। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है।
अनिल कुमार डामोर के निधन की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में परिचितों, अधिकारियों, कर्मचारियों के पहुंचने का तांता लग गया। भोपाल और विदिशा के अनेक अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। मेडिकल कॉलेज में एकत्रित लोगों ने अनिल कुमार डामोर के दुखद निधन पर बेहद शोक जताया।