
विदिशा। अपने माता-पिता, दादी-दादा को खो चुकी 24 साल की शालू अब अनाथ सी हो गई थी। आर्थिक तंगी से जूझती बुआ उसकी परवरिश में सक्षम नहीं थीं। ऐसे में समाजसेवी उदय चंदेल आगे आए। उनके दो बेटे हैं, कोई बेटी नहीं। उन्होंने बेटी शालू को अपनी बिटिया के रूप में स्वीकारा और बुधवार को उसे बुआ के घर से जब विदा कराकर ले गए तो माहौल बहुत भावुक हो उठा। बेटी शालू भी रो पड़ी, बोली-मुझे बचपन से माता-पिता का प्यार नहीं मिला था, लेकिन अब वह कमी पूरी हो गई।
करैयाखेड़ा रोड निवासी शालू राजपूत की मां उसे जन्म देते ही दुनियां से विदा हो गई थी। पिता 8 वर्ष पहले उसे छोड़ गए। दादा-दादी के सहारे थी शालू। लेकिन पिछले दिनों पहले दादी और फिर दादा हरिसिंह राजपूत भी चल बसे। अपने दादा की चिता को अग्नि देने के बाद शालू अकेली रह गई। ऐसे में राजपूत समाज के ही उदय चंदेल आगे आए और उन्होंने समाज के प्रमुख लोगों की उपस्थिति में शालू को अपनी बेटी के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।
गुरूवार को समाज के प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में चंदेल और उनकी धर्मपत्नी ने शालू के घर पहुंचकर उसकी बुआ-फूफा की सहमति से अपनी बेटी स्वीकार किया। वे उसे पहले बड़े गणेश मंदिर और फिर अपने घर ले गए।
मोहल्ले की महिलाएं सुबक पड़ीं
शालू की विदाई अनूठी ही थी। वह एक पिता के घर से दूसरे पिता के घर जा रही थी। उसकी आंखें भी नम थीं, बार-बार आंसू पोंछ रही थीं। बुआ और फूफा भी उसे गले लगाते हुए सिसक पड़े। जबकि उदय चंदेल और उनकी पत्नी के चेहरे खुशी से दमक रहे थे। जब शालू चंदेल की कार में बैठकर बस्ती से रवाना होने लगी तो बस्ती की कई महिलाएं आंखों में आंसू लिए यह कहते हुए शालू से लिपट गईं- बेटा आती रहना यहां।
बेटी की कमी पूरी हो गई-चंदेल
उदय चंदेल बोले-ये जीवन के खुशी के क्षण हैं। मेरे बेटी नहीं थी, अब यह कमी भी पूरी हो गई। इसे पाल-पोसकर कन्यादान का पुण्य भी ले सकूंगा। चंदेल की धर्मपत्नी ने कहा कि हमारे परिवार को शालू ने भी अपना लिया, यह खुशी है। जबकि शालू बोली-बचपन से माता-पिता के प्यार को तरस रही थी, अब यह कमी पूरी हो गई।
अड़चनें आईं, लेकिन सुपुर्दगी में लिया
चंदेल ने बताया कि उन्होंने शालू को बेटी रूप में स्वीकारा है। उसे गोद लेने का आवेदन भी लगा दिया है। बाल कल्याण समिति को कुछ आपत्ति थी, तो उनकी सहमति से अपनी सुपुर्दगी में शालू को लिया है। जल्दी ही यह औपचारिकता भी पूरी हो जाएगी। शालू के बुआ-फूफा और खुद शालू की सहमति से यह रिश्ता कायम हुआ है।