विदिशा

बैस का नया पुल अधूरा, पुराने के हाल बेहाल

स्लग-बारिश के दौरान आ सकती है समस्या
2 min read
May 27, 2018
VIDISHA, vidisha news, vidisha patrika, patrika news, patrika bhopal, bhopal mp,
बैस का नया पुल अधूरा, पुराने के हाल बेहाल

विदिशा। शहर के समीप बैस नदी पर बन रहा पुल डेढ़ वर्ष बाद भी अधूरा है। बारिश पूर्व नया पुल तैयार नहीं हो पाने से इस बार भी बारिश के दौरान बैस के पुराने पुल से ही वाहनों को गुजरना पड़ेगा। इस पुल की हालत खराब होने से हादसों का डर रहेगा। वहीं तेज बारिश के दौरान पुल पर नदी का पानी आ जाने से आवागमन में समस्या आएगी।

मालूम हो कि बैस का पुल वर्षों पुराना है। नदी से इसकी ऊंचाई ज्यादा न होने से तेज बारिश के दौरान इस पुल पर नदी का पानी आ जाता है और कई बार रास्ता बंद होने की नौबत बनती आई है। वर्षों से यह पुल नदी में डूबता आया जिससे पुल की हालत खराब हो चुकी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस पुल के समीप नया पुल मंजूर कर इसका कार्य शुरू किया गया था, लेकिन यह कार्य अधूरा रह जाने से इस बारिश में भी भारी वाहनों का बोझ इस पुराने पुल को उठाना पड़ेगा।

ध्यान नहीं दिया तो बढ़ेगा खतरा
इस पुराने पुल की खराब हालत पर बारिश पूर्व ध्यान नहीं दिया तो कई तरह के खतरे बढ़ जाएंगे। पुल पर सड़क के किनारे जगह-जगह उखड़े और कटे हुए हैं। रैलिंग के सरिए कई जगह टूटे हुए हैं। इससे वाहन चालकों को बारिश के दौरान पुल से निकलने के दौरान खतरा बना रहेगा। पुल संकरा होने से पुल के पास जाम की स्थितियां बनती रही है, बारिश के दौरान पुल पर पानी आने से वाहनों की लंबी कतार लगेगी। नए पुल की एप्रोच रोड की मिट्टी भी तेज बारिश के दौरान पुराने पुल की ओर बहकर आएगी। इससे वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ेगा।

इस हालत में है नया पुल
वहीं इस पुल के समीप बन रहे नए पुल का कार्य नवंबर 2016 में शुरू हुआ। 2०० मीटर लंबे और करीब 12 मीटर चौड़े इस पुल के एक ओर 150 मीटर एप्रोच रोड एवं दूसरी ओर 100 मीटर एप्रोच रोड तैयार की जा रही। नीचे तल से इसकी ऊंचाई 6 मीटर है। इस पुल का कार्य अभी 85 प्रतिशत हुआ है। यहां कार्य कर रहे इंजीनियरों के मुताबिक हर दिन करीब 150 कर्मचारी यहां काम कर रहे। इंजीनियरों का कहना है कि अभी पुल तैयार होने में अभी और वक्त लगेगा।

बैस नदी पर पुल का कार्य 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। दिसंबर 2018 तक इस कार्य निर्माण कार्य की समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा।
-जेएस जैन, एसडीओ, पीडब्ल्युडी, ब्रिज

इस नए पुल का शेष कार्य शीघ्रता से पूरा कराया जाएगा। वहीं पुराने पुल की स्थिति संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिखलाकर पुल को दुरुस्त कराया जाएगा।
मुकेश टंडन, अध्यक्ष नपा

Published on:
27 May 2018 10:38 am