आठ जिलों के युवाओं की चल रही है आर्मी भर्ती रैली
विदिशा@गोविंद सक्सैना की रिपोर्ट...
नगर में चल रही सेना में भर्ती के लिए गुरूवार को 3261 युवा विदिशा आए। एसएटीआई परिसर में आधी रात से कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे आ बैठे युवाओं को अनेक परीक्षाओं के दौर से गुजरना पड़ा। सबसे पहले दौड़ लगवाई गई, जिसमें सिर्फ 460 युवा ही पास होकर अगले राउंड में जा सके। शेष को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
गुरूवार को सेना के विभिन्न पदों पर विदिशा और बैतूल के युवाओं की भर्ती होना थी। इसमें शामिल होने के लिए 4275 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया था, लेकिन उसमें से भर्ती रैली में मात्र 3261 युवा ही शामिल हुए। रात करीब 2.30 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान युवाओं की भीड़ संभाले नहीं संभल रही थी।
सेना में भर्ती के लिए युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। ऊँचाई माप में सफल होने वाले युवाओं की दौड़ हुई जिसमें केवल 460 युवा ही सफल हो सके। इसके बाद हर अभ्यर्थी के आधार का सत्यापन, दस्तावेजों का सत्यापन हुआ। कई दौर के बाद इनका फिटनेस टेस्ट किया गया।
भर्ती में आए युवाओं में से अधिकांश दौड़ में ही असफल होने के बाद बाहर हो गए। इन युवाओं के लौटने और शुक्रवार की भर्ती के लिए आने वाले युवाओं की भीड़ पूरे शहर खासकर सिविल लाइन क्षेत्र में दिखाई देती रही।
व्यवस्थाओं को देखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी भर्ती रैली स्थल पर तैनात रहे। सेना में भर्ती के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को परेशान न होना पड़े इसलिए प्रशासन ने स्टेशन, बस स्टेंड पर मार्गदर्शन के लिए काउंटर लगाए हैं। रास्ते में भी जगह-जगह भर्ती स्थल के संकेतक और युवाओं के ठहरने के लिए इंतजामों की जानकारी के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। गौरतलब है कि विदिशा, बैतूल, छिंदवाड़ा, भोपाल, सीहोर, होशंगाबाद, राजगढ़, रायसेन जिलों के युवा इस आर्मी भर्ती में शामिल हो रहे हैं।